मेरठ में आपराधिक वारदातों का ग्राफ कम होने के बजाय बढ़ता जा रहा है। शहर के परतापुर क्षेत्र में एक युवक ने दुस्साहस दिखाते हुए महिला से छेड़छाड़ की। यही नहीं उसके मुंह पर सिगरेट का धुआं छोड़ा। वहीं नौचंदी क्षेत्र में एक महिला ने युवक पर लिव इन में रहने के बावजूद शादी से इनकार करने का आरोप लगाया है।
परतापुर क्षेत्र में एक युवक ने दुस्साहस दिखाते हुए महिला से छेड़छाड़ की। इतना ही नहीं, उसने महिला के मुंह पर सिगरेट का धुआं छोड़ा और उसके साथ अश्लील हरकतें कीं।कुछ लोगों ने युवक की यह हरकत देखी तो उनका पारा चढ़ गया। उन्होंने आरोपी युवक को पीटना शुरू कर दिया। काफी पीटने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। बाद में पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
विज्ञापन
दिल्ली रोड पर सीएनजी पंप के पास यह घटना हुई। यहां एक युवक महिला को काफी परेशान कर रहा था। महिला का आरोप है कि काफी देर तक परेशान करने के बाद युवक ने उसके मुंह पर सिगरेट का धुआं भी छोड़ा।
इसका विरोध किया तो भी नहीं माना। उसने महिला को पीटने का भी प्रयास किया। इसी दौरान युवक की हरकतें देख रहे लोग पहुंचे और उसे पीट दिया। सूचना पर पुलिस पहुंची और आरोपी युवक को पकड़कर थाने ले गई। परतापुर थाना प्रभारी जयकरण सिंह का कहना है कि अभी तक महिला ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
छुट्टी के बाद घर जा रही छात्रा से छेड़छाड़
सरधना थानाक्षेमें कॉलेज से छुट्टी के बाद घर जा रही छात्रा से छेड़छाड़ की गई। थाने के पीछे स्कूटी सवार युवकों ने छात्रा से छेड़छाड़ कर दी। शोर मचाने पर आरोपी भागने लगे। इसी दौरान पुलिस ने एक आरोपी पकड़ लिया। बाद में छात्रा के परिजन और क्षेत्र के अन्य लोगों ने कहा कि मनचले लगातार बेलगाम हो रहे हैं। पुलिस ऐसे युवकों पर लगाम लगाए। तीन दिन पहले भी नवाबगढ़ी रोड पर छात्राओं से छेड़छाड़ की थी।
चार वर्ष तक लिव इन में रखा, अब किया शादी से इनकार
शादी का झांसा देकर एक युवक ने नौचंदी क्षेत्र की युवती को चार वर्ष तक लिव इन में रखा। इसके बाद उसे शादी से इन्कार कर दिया। अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी। युवती की शिकायत पर पुलिस ने युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। नौचंदी थाना क्षेत्र निवासी युवती गुरुग्राम की एक मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी करती है।
युवती ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी कंपनी में सहारनपुर के गंगोह का निवासी शरद सिंघल भी नौकरी करता है। आरोप है कि युवक ने उसे शादी का झांसा देकर चार वर्ष तक उसे लिव इन में अपने साथ रखा। इस दौरान कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में शादी के लिए इन्कार कर दिया। युवती ने दबाव डाला और युवक के परिजनों से बात की। इस पर युवक की मां ने युवती को अपमानित किया। नौचंदी थाना प्रभारी सुबोध सक्सेना ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बरात में छेड़छाड़, आरोपी की धुनाई कर पुलिस को सौंपा
लालकुर्ती क्षेत्र में एक मनचला बरात में घुस गया। उसने महिलाओं पर फब्तियां कसनी शुरू कर दीं। लोगों ने आरोपी को दबोच लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं मिलने पर उसका शांतिभंग में चालान कर दिया गया।
छोटा बाजार में सोमवार रात यह बरात पहुंची। चढ़त के दौरान महिलाएं डांस कर रहीं थीं। इसी दौरान एक मनचला फव्वारा चौक की तरफ से आया और बरात में शामिल हो गया। वह नाचते-नाचते महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने लगा। उसकी हरकतों से परेशान कुछ महिलाओं ने डांस करना बंद कर दिया और अपने परिजनों को जानकारी दी। आरोपी ने महिलाओं पर फिर टिप्पणी करनी शुरू कर दी।
महिलाओं की शिकायत पर मनचले को दबोच लिया गया और उसकी जमकर पिटाई की। भीड़ और शोरशराबा देखकर वहां से गुजर रहे लालकुर्ती थाने के एक दरोगा रुक गए और आरोपी को भीड़ के चंगुल से निकालकर थाने भिजवाया। आरोपी की पहचान कंकरखेड़ा के निवासी के रूप में हुई। पुलिस ने जेल भेजने की बात कही तो आरोपी माफी मांगकर छोड़ने की मांग करने लगा। थाना प्रभारी इंदु वर्मा ने बताया कि कोई तहरीर न आने पर आरोपी रिषभ का शांति भंग में चालान किया गया है।
होटल में बुलाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया
एक युवती ने नगर कोतवाली क्षेत्र के युवक पर होटल में बुलाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस जांच के लिए रेलवे रोड स्थित एक होटल में पहुंची। युवती से हुई प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मामला हनी ट्रैप होने का अंदेशा भी जताया जा रहा है। युवती ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि एक युवक से उसकी जान-पहचान थी। युवक ने उसे धोखे से हापुड़ बुलाया।
आरोप है कि युवक उसे रेलवे रोड स्थित एक होटल में ले गया। यहां उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले की जानकारी के बाद पुलिस होटल पहुंची और सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। इसमें युवती एक युवक के साथ होटल में जाते हुए और बाहर निकलते हुए दिख रही है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह ने बताया कि पूछताछ में युवती बार-बार अपने बयान बदल रही है। अभी जांच जारी है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
कनाडा में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 50 हजार ठगे
फिजियोथेरेपिस्ट को कनाडा में नौकरी दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने 50 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित ने नौचंदी थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। जैदी फार्म निवासी फिजियोथेरेपिस्ट आदिल ने बताया कि एक वेबसाइट के माध्यम से उन्हें ईमेल पर कनाडा में नौकरी का ऑफर मिला था। इसके बाद उनके मोबाइल पर कॉल करके विराज नाम के व्यक्ति ने बताया था कि चंडीगढ़ के सेक्टर-40 सी में जौला कंसलटेंसी के नाम से उनकी फर्म है। उस व्यक्ति ने कनाडा भिजवाने के लिए वीजा और अन्य प्रक्रिया पूरी कराने की बात कही। इसके लिए अपने बैंक एकाउंट में 50 हजार रुपये जमा कराने को कहा। 30 दिन में काम न होने पर ब्याज समेत पैसा लौटाने का वादा किया।
झांसे में आकर आदिल ने उसके खाते में ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब उन्होंने फर्म के मालिक से फोन पर बात की तो उसने कहा कि मैं आपका कार्य नहीं करा पाया हूं और आपका पैसा एबेंसी में दे दिया है। जिसे आज-कल में लौटा दूंगा। इसके बाद आरोपी टाल-मटोल करने लगा। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोबाइल चोरी कर बैंक खाते से एक लाख निकाले
बाजार में खरीदारी कर रहे व्यक्ति का मोबाइल चोरी कर उसके बैंक खाते से करीब एक लाख रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर पल्लवपुरम पुलिस जांच में जुटी है। रुड़की रोड स्थित कृष्णा नगर निवासी ओमपाल सिंह ने बताया कि सितंबर में बाजार में खरीदारी करते हुए उनका मोबाइल फोन चोरी हो गया था। मोबाइल चुराने वाले ने उनके सिम से बैंक खाते का दूसरा पासवर्ड तैयार कर लिया। इसके बाद उनके खाते से किसी राहुल नाम के व्यक्ति ने चार बार में 99,961 रुपये निकाल लिए। इसका मेसेज उनके पुत्र के मोबाइल पर आया तो उन्हें ठगी का पता चला।
नशीला पदार्थ सुंघाकर जेवर-नकदी लूटी
लिसाड़ी गेट की खुशहाल कालोनी में सोमवार रात घर में अकेली महिला को चोरों ने नशीला पदार्थ सुंघाकर लाखों के जेवर, नकदी चोरी कर लिए। देर रात परिवार के लोग घर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
खुशहाल कालोनी निवासी कल्लू ने बताया कि सोमवार को वह परिवार के साथ रिश्तेदारी में गए थे। घर पर उसके बेटे की पत्नी इमराना अकेली थी। जब सोमवार रात परिवार के लोग घर पहुंचे तो इमराना बेहोश पड़ी हुई थी और घर में मौजूद सेफ के ताले टूटे हुए थे। सारा सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने निकट ही मौजूद एक डॉक्टर को घर पर बुलाया। इसके बाद दवा देकर इमराना को होश में लाया गया। उसने बताया कि घर से लाखों के जेवर-नकदी गायब हैं। वहीं लिसाड़ी गेट थाना प्रभारी ने इस घटना के बारे में जानकारी से इन्कार किया है।
शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। मंगलवार को पीड़िता ने थाने में शिकायत की। पीड़िता ने बताया कि मीरापुर निवासी एक कपड़ा कारोबारी शादी का झांसा देकर चार साल से उसे शारीरिक संबंध बना रहा था। महिला का आरोप है कि जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट कर तेजाब फेंकने की धमकी दी। पीड़िता ने थाने में शिकायत की है।