कनपटी पर तमंचा रख बाइक शोरूम संचालक से 1.77 लाख रुपये लूटे
सरधना में मेरठ-करनाल हाईवे से रिठाली-छुर संपर्क मार्ग पर रविवार देर रात बाइक सवार बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। बाइक शोरूम के संचालक अमित कुमार की कनपटी पर तमंचा रखकर 1.77 लाख रुपये लूट लिए गए। बाद में किसी तरह गांव पहुंचकर पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गांव छुर निवासी अमित कुमार का रोहटा रोड पर बाइक का शोरूम है। रविवार देर रात वह बाइक पर गांव जा रहे थे। मेरठ करनाल-हाईवे से रिठाली-छुर संपर्क मार्ग पर एक नलकूप के पास बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने रोक लिया। बाद में अमित की कनपटी पर तमंचा रखकर मारपीट की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर 1.77 लाख रुपये की नकदी लूट ली।
इसके बाद सरूरपुर और सरधना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन सीमा विवाद में उलझी रही। एसएसपी के संज्ञान में घटना पहुंची तो सरधना पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने शोरूम संचालक को साथ लेकर हाईवे पर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। थाना प्रभारी रमाकांत पचौरी का कहना है कि शोरूम संचालक के मेरठ से घटनास्थल तक पहुंचने के दौरान सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही हैं।
हापुड़ अड्डे पर कार से निकाला आईफोन
हापुड़ अड्डे पर जब्बार बिल्डिग के पास कमर अब्बास की कार की सीट पर रखा आईफोन निकाल लिया गया। इसे लेकर दो युवक फरार हो गए। इंचौली निवासी कमर अब्बास ने बताया कि शनिवार शाम वह लिसाड़ीगेट जा रहे थे। जब हापुड़ अड्डे पर पहुंचे तो दो युवकों ने कार के शीशे पर हाथ मारा। कार रोकने पर एक युवक सीट पर रखा आईफोन उठाकर भागने लगा। उसका साथी भी भाग निकला। शोर मचाने पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। तभी एक ई-रिक्शा चालक ने बताया कि लिसाड़ीगेट का वसीम मोबाइल उठाकर ले गया है।
nअधिवक्ता मनोज गुप्ता की स्कूटी चोरी : मेरठ। सदर क्षेत्र में शनिवार रात वेस्ट एंड रोड स्थित शाकंभरी देवी मंदिर के बाहर अधिवक्ता मनोज गुप्ता की स्कूटी चोरी कर ली गई। अधिवक्ता मंदिर में हवन में शामिल होने आए थे। जब घर जाने के लिए बाहर आए तो देखा स्कूटी नहीं थी। सामने की दुकान के सीसीटीवी कैमरे की जांच की तो पता चला की तीन लोग ई-रिक्शा और बाइक पर आए थे। मास्टर चाबी से ताला खोलकर स्कूटी स्टार्ट करके ले गए।
सीना गांव के अनिरुद्ध के हत्यारोपी ने किया आत्मसमर्पण
गजरौला हाल ही में हुए दोहरे हत्याकांड में नामजद किए गए अंकुर को मेरठ पुलिस दौराला निवासी युवक पर हमले के मामले में भी 14 साल से तलाश रही थी। अब उसने पुलिस को चकमा देकर मेरठ न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। उसने व उसके दो साथियों ने 2009 में दौराला निवासी कुशलवीर राठी पर चाकू से हमला किया था। गजरौला थाना पुलिस उसे रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।
मेरठ की तीन महिलाओं ने नारनौल में चुराई चेन, गिरफ्तार
नारनौल में अग्रवाल सभा भवन में श्रीमद्भागवत गीता पाठ में आरती के समय सोने की चेन चोरी करने के मामले में तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान मेरठ निवासी सुमन व मेरठ के टीपीनगर की सुमन व नीतू के रूप में हुई है। गिरफ्तार महिला आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि नई मंडी नारनौल निवासी प्रशांत ने थाना शहर नारनौल में सोने की चेन चोरी होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि नारनौल की अग्रवाल सभा में 21 सितंबर की रात श्रीमद्भागवत कथा में करीब 6-7 महिलाओं के गले से सोने की चेन चोरी हो गई थी।
जब महिलाओं को गले से सोने की चेन चोरी होने की बात पता चली तो कथा में अफरा तफरी का माहौल हो गया था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर रात के करीब साढे़ 8 बजे तक सीसीटीवी की जांच में जुटी रही, लेकिन महिला चोर भीड़ ज्यादा होने की वजह से भागने में कामयाब हो गई थी। पुलिस चोर की तलाश करने में रात भर जुटी रही थी। पुलिस ने टीम गठित कर तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मवाना में आढ़ती को गोला मारकर किया घायल
मेरठ के मवाना में सुबह के समय आढत मंडी से लौट रहे आढ़ती को हस्तिनापुर रोड पर मंडप के पास दो बाइकों पर सवार चार लोगों ने मारपीट की विरोध करने पर गोली मारकर फरार हो गए।
मोहल्ला काबलीगेट निवासी साजिद पुत्र रऊफ आढ़त मंडी में आढ़ती का कार्य करता है। सुबह 9:30 बजे के आसपास अपने चाचा अख्तर के साथ घर वापस लौट रहा था। जैसे ही हस्तिनापुर रोड पर मंडप के पास पहुंचा तो दो बाइकों पर सवार चार लोगों ने उसको रोक लिया तथा मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर साजिद को गोली मार दी और फरार हो गए। गोली साजिद के में जांघ में लगी है। घायल को मेरठ रेफर कर दिया है फिलहाल तहरीर नहीं दी गई है। गोली मारने का कारण अभी ज्ञात नहीं हो सका है।