रामपुर में तैनात किठौर के सिपाही का शव मिला
रामपुर के गंज थाना क्षेत्र स्थित पुलिस लाइन में परिवहन शाखा में तैनात मेरठ निवासी सिपाही इंसाफ अली (55) का शव रविवार शाम करीब पांच बजे उनके कमरे में मिला। शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई। हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है।
मेरठ जिले के किठोर थाना क्षेत्र के ललियारा गांव निवासी इंसाफ अली पुलिस लाइन में तैनात थे। रिजर्व पुलिस लाइन के पास बने सेल्टर हाउस में अपने साथी के साथ रहते थे। रविवार को इंसाफ अली अपने आवास पर थे। उनके साथ बाजार गए थे। जब वे वापस लौटे तो उनका शव पड़ा मिला।
उन्होंने यह देख इंसाफ अली के साथी के होश उड़ गए। उन्होंने पुलिस लाइन में तैनात अधिकारियों को जानकारी दी। गंज थाना प्रभारी लव सिरोही ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। परिजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। संभवत: हार्ट अटैक से मौत हुई है।
आर्मी पब्लिक स्कूल का 8वीं का छात्र लापता
मेरठ के आर्मी पब्लिक स्कूल का कक्षा-8 का छात्र शनिवार को स्कूल से वापस लौटते समय लापता हो गया। पीड़ित परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज कराई। कंकरखेड़ा क्षेत्र के रोहटा रोड मयूर विहार निवासी योगेंद्र कुमार यूपी पुलिस में सिपाही हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती शाहजहांपुर जिले में हैं।
उनका पुत्र आर्यन(13) आर्मी पब्लिक स्कूल में कक्षा-8 का छात्र है। उनकी पत्नी कंचन देवी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि शनिवार को स्कूल से लौटते हुए आर्यन को गाड़ी चालक ने घर से कुछ दूर पहले शांति कुंज के पास उतार दिया लेकिन आर्यन घर नहीं पहुंचा। इसके बाद आर्यन की तलाश शुरू की। रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज में आर्यन दिखाई दिया। इसकी सूचना उन्होंने जीआरपी को दी। स्टेशन के आसपास तलाश करने पर आर्यन का कुछ पता नहीं चला।
बाइक ने मारी ई-रिक्शा में टक्कर, महिलाएं घायल
मेरठ सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कमिश्नरी आवास के पास बाइक की टक्कर से ई-रिक्शा पलट गई और उसमें सवार महिलाएं घायल हो गई। पुलिस ने ई-रिक्शा चालक आर्यनगर निवासी संदीप की तहरीर पर बाइक सवार गौरव व मनोज निवासी सहारनपुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। घायल महिलाओं की पहचान गीता यादव, शकुंतला यादव और उनकी दो बेटियों के रूप में हुई है।
मंगल पांडेय नगर निवासी कुछ महिलाएं शनिवार रात ई-रिक्शा में सवार होकर मेडिकल से घर जा रहीं थीं। साकेत चौराहे से ई-रिक्शा चालक यू टर्न लेने लगा, तभी कमिश्नर आवास की ओर से आ रही बाइक की टक्कर लगते ही ई-रिक्शा पलट गई, जिससे ई-रिक्शा सवार महिलाओं में चीख पुकार मच गई। शोर सुनकर पेट्रोल पंप के कुछ कर्मचारी दौड़कर मौके पर पहुंचे और बाइक सवार दोनों युवकों को पकड़ लिया। तभी सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिलाओं को उपचार के लिए अस्पताल ले गई जबकि बाइक व दोनों युवकों को थाने लेकर आ गई।
पूरी रात ई-रिक्शा चालक और बाइक सवार दोनों युवक थाने में बैठे रहे। दिन निकलते ही घायल महिलाओं के परिजन थाने आ गये। बाइक सवार युवकों की ओर से कोई पुलिसकर्मी भी थाने आ गया। दोनों पक्षों में समझौते का प्रयास होने लगा। पांच घंटे की मशक्कत के बाद भी समझौता नहीं हुआ तो पुलिस ने ई-रिक्शा चालक की तहरीर पर दोनों बाइक सवारों के खिलाफ सड़क हादसे से संबंधी धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली। सिविल लाइन इंस्पेक्टर समर बहादुर सिंह का कहना है कि मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
दो क्विंटल सरिया चोरी करते तीन पकड़े
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के फाजलपुर सैन्य क्षेत्र के पास रविवार अलसुबह गश्त कर रही पुलिस ने तीन बदमाशों को एक बंद पड़ी बिल्डिंग से दो क्विटंल सरिया चोरी करते पकड़ लिया। पुलिस तीनों आरोपियों को थाने ले आई। बाद में पूछताछ के बाद चोरी का माल खरीदने वाले कंकरखेड़ा के कबाड़ी को भी हिरासत में ले लिया। बताया गया कुछ लोग बदमाशों को छुड़ाने के लिए थाने पर भी चक्कर काटते रहे। थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि तीन बदमाश दो क्विंटल सरिया के साथ पकड़े गए हैं, जिनमें से एक कंकरखेड़ा का बड़ा कबाड़ी भी है।