तमंचा लगाकर युवती से किया सामूहिक दुष्कर्म
सरूरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार रात शौच के लिए उठी युवती से घर के पास तीन युवकों ने तमंचे के बल पर सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़िता ने तहरीर में बताया कि शुक्रवार देर रात वह शौच के लिए उठी थी। घर के बाहर बने शौचालय के पास पहुंचते ही पड़ोस के तीन युवकों ने तमंचा लगाकर दबोच लिया। पास के ही एक प्लॉट में उन्होंने दुष्कर्म किया। परिजनों को घटना के बारे में बताने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। आरोपी फरार हो गए। पीड़िता ने परिजनों को आपबीती बताई। इस पर परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे तहरीर दी।
युवती का मेडिकल परीक्षण कराकर मुकदमा दर्ज किया गया। थाना प्रभारी दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि युवती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। उसके बयान दर्ज कर जांच की जा रही है।
मनचले से परेशान महिला थाने पहुंची
लिसाड़ीगेट क्षेत्र की महिला ने पड़ोसी पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। आरोप है कि एक माह से मनचला परेशान कर रहा है। उसके पति दिल्ली में कपड़ा के कारोबार करते हैं। वह घर में सास-ससुर और बेटी के साथ रहती हैं।
आरोपी उसे देखकर अश्लील हरकतें भी करता है। कई बार उसके ससुर ने आरोपी के घर पर शिकायत की, लेकिन आरोपी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। शनिवार दोपहर वह दुकान से दवा लेकर लौट रही थी। रास्ते में आरोपी ने छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।