अब राजनीति ही नहीं धार्मिक संस्थाएं भी परिवारवाद के आरोपों से घिरने लगी हैं। मेरठ में बाबा महाबिल्वेश्वर नाथ महादेव मंदिर के बाहर लगे बैनर पर आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। इस बैनर में न केवल पारिवारिक ट्रस्टी का नाम और फोटो छपा है, बल्कि भावी पारिवारिक ट्रस्टी का भी नाम और फोटो छपा है। मंदिर परिसर में स्थापित दूसरे मंदिर और संस्कृत विद्यालय का संचालन कर रहीं समितियों ने मंदिर में वंशवाद शुरू करने का आरोप लगाते हुए डीएम और सीएम से शिकायत की है।
सदर बाजार स्थित महाबिल्वेश्वर नाथ मंदिर पुरातत्व विभाग लखनऊ द्वारा रजिस्टर्ड है। मंदिर पारिवारिक ट्रस्ट चान्द रानी के अधीन और स्वामित्व में बताया जाता है। मंदिर के बाहर लगे बैनर में ट्रस्ट के संरक्षक मेहंतानी सुधा गोस्वामी, मैनेजिंग ट्रस्टी एवं कोषाध्यक्ष महंत दायनंद, महासचिव विशाल स्वामी, पारिवारिक ट्रस्टी प्रशांत स्वामी और पारिवारिक भावी ट्रस्टी को दिखाया गया है। इस बैनर के सामने आते ही विरोध शुरू हो गया।