खेलों में उपलब्धियों की बात करें तो ऐसा नहीं हो सकता कि पश्चिमी उतर प्रदेश और मेरठ का जिक्र न हो। विश्व पटल पर कई बड़े कीर्तिमान यहां की खेल प्रतिभाओं ने अर्जित किए हैं। शहर के एक और नौजवान का नाम इस सूची में शुमार हुआ है।
हम बात कर रहे हैं शास्त्रीनगर निवासी 21 वर्षीय ध्रुव त्यागी की। ध्रुव ने तमिलनाडु के कोयंबटूर में हाल ही में संपन्न हुई जेके नोवायस फॉर्मूला 4 नेशनल चैंपियनशिप में दूसरा स्थान हासिल किया है।
बचपन से ही कारों के शौकीन रहे ध्रुव ने अमर उजाला से बातचीत के दौरान बताया कि टीवी पर फार्मूला रेसिंग देखकर उनके मन में ट्रैक तक पहुंचने का ख्याल आया।
यह भी पढ़ें: मेरठः फरहा से माही बनकर मंदिर में की शादी, पुलिस को ऋषिकेश में मिला जोड़ा
ध्रुव ने अपने फॉर्मूला रेसिंग ट्रैक तक पहुंचने के सफर के बारे में बताया कि गूगल पर इस बारे में सर्च किया था, जहां से जानकारी लेकर बंगलुरु में ट्रेनिंग के लिए गए। इसके लिए छह रेसर ने प्रतिभाग किया था, जिसमें ध्रुव समेत दो लोग चुने गए।
ध्रुव के मुताबिक रेसिंग महंगा खेल है, इसलिए प्रायोजक मिलना जरूरी है। उन्होंने अपने साथ अन्य लोगों को जोड़ने के लिए एक वेबसाइट भी बनाई है।