आर्मी स्कूल के बाहर फायरिंग के बाद अब छावनी क्षेत्र की सुरक्षा और कड़ी होगी। स्कूल के आसपास कोई भी असामाजिक तत्व नहीं पहुंच पाएगा। सुरक्षा को लेकर पश्चिमी यूपी सब एरिया मुख्यालय में सोमवार को अहम बैठक हुई।
बैठक में फैसला लिया गया कि 16 अप्रैल से स्कूलों के खुलने और बंद होने के समय दो घंटे के लिए भगत चौक से कैंट रेलवे स्टेशन तक का मार्ग आम जनता समेत सेना के लिए भी पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। यहां सेना, ट्रैफिक पुलिस और स्कूल प्रशासन मार्ग की सुरक्षा और जाम की समस्या से छुटकारा दिलाएंगे। बैठक की अध्यक्षता सब एरिया के जीएस कर्नल राजीव कुमार ने की।
इसमें सब एरिया द्वारा सुरक्षा के लिए तैयार किए गए ब्लू प्रिंट से एसपी ट्रैफिक किरन यादव समेत सैन्य अधिकारियों और ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया। वहां मौजूद अधिकारियों से भी सुझाव लिए। बैठक में पाइन, चार्जिंग रैम के सैन्य अधिकारियों समेत ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी शामिल रहे।
ये होगी व्यवस्था
जीएस कर्नल राजीव कुमार ने बताया कि भगत चौक से कैंट रेलवे स्टेशन तक सुबह 6.45 से 7.45 बजे तक और दोपहर को 1.15 से 2:15 तक आम जनता समेत सेना के लिए भी बंद कर दिया जाएगा। व्यवस्था बनाने के लिए तीन क्यूआरटी लगाई जाएंगी, जिनमें से दो भगत चौक और कैंट रेलवे स्टेशन की तरफ रहेगी, वहीं एक आर्मी स्कूल के बाहर रहेगी। एक क्यूआरटी अतिरिक्त भी रखी जाएगी। इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस के जवान और थाने से फोर्स लगाई जाएगी। वहीं पीसीआर पेट्रोलिंग भी करेगी।
मार्ग पर रहता है दबाव
जीएस कर्नल ने बताया कि आर्मी पब्लिक स्कूल में 4,700, गोल्ड फिश प्राइमरी स्कूल में 350 और भगत चौक स्थित प्राइमरी स्कूल में 300 बच्चे हैं। इस लिहाज से इस मार्ग पर स्कूल खुलने और बंद होने के समय 120 बसें चलती हैं। वहीं 700 से 800 बच्चे साइकिल से आते हैं। 300 से 400 अभिभावक अपने बच्चों को छोड़ने और लेने आते हैं। इस कारण मार्ग पर वाहनों का काफी दबाव होता है।
अभिभावकों को मिलेंगे आई कार्ड और स्टिकर
कर्नल ने बताया कि अभिभावकों को स्कूल की तरफ से आई कार्ड इशू कराया जाएगा और वाहन पर लगाने के लिए स्टिकर भी दिए जाएंगे। इसके अलावा शिक्षकों को भी अतिरिक्त जिम्मेदारी होगी। स्कूल शुरू होने और छुट्टी होने के समय शिक्षक स्कूल के बाहर व्यवस्था बनाएंगे।
हेल्पलाइन 1090 का होगा प्रचार
बैठक में एसपी ट्रैफिक किरन यादव ने बताया कि सरकार ने महिलाओं के लिए हेल्पलाइन 1090 चलाई है। जीएस कर्नल ने कहा कि इस हेल्पलाइन का स्कूलों में प्रचार किया जाएगा। ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को इसकी जानकारी हो सके।
सेंट मैरी और सोफिया पर भी बनेगी व्यवस्था
एसपी ट्रैफिक किरन यादव ने कहा कि सेंट मैरी, सोफिया और हनुमान चौक पर भी स्कूल शुरू होने और छुट्टी के समय जाम की समस्या रहती है। इस पर जीएस कर्नल ने इस संबंध में कैंट बोर्ड सीईओ को पत्र लिखा और व्यवस्था बनाने का आश्वासन दिया।
हेलमेट नहीं तो कटेगा चालान
कर्नल ने बताया कि छावनी में ट्रैफिक नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ सख्ती की जाएगी। हेलमेट न लगाने और ट्रिपलिंग करने वालों के तुरंत चालान काटे जाएंगे।