भाई अब्दुल समद और अन्य परिजन उसे बाइक से लेकर बागपत रोड स्थित केएमसी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां कुछ देर बाद ही उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के पिता अरशद की तरफ से रात में ही लिसाड़ी गेट थाने में दूल्हे सुहेल, उसके भाई साकिब और पिता हाजी शाहनवाज समेत 20-25 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज देखने पर पता चला कि दूल्हे के भाई साकिब की गोली से युवती की मौत हुई है। साजिश रचने के आरोप में साकिब की मां परवीन को भी गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं।
परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने और दफनाने से किया इन्कार
पुलिस ने रात में ही अक्सा के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया था। मंगलवार सुबह परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने और दफनाने से इन्कार कर दिया। परिजनों का कहना था कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती तब तक पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे और न ही शव को दफनाएंगे।
नहीं हुआ निकाह, दूल्हा पिता के साथ फरार
हर्ष फायरिंग में युवती अक्सा की गोली लगने से मौत होने बाद दूल्हे समेत उसके परिजन और बराती गिरफ्तारी की डर से फरार हो गए हैं। दूल्हे और परिजनों के भागने की वजह से निकाह भी नहीं हो सका।
हर्ष फायरिंग ने छीनी तीन परिवारों की खुशियां
इस वारदात ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। दिल्ली में मुर्गे के मीट का कारोबार करने वाले हाजी शाहनवाज के बड़े बेटे सुहेल का निकाह शहर के शाहपीर गेट निवासी इस्लाम की बेटी से तय हुआ था। हर्ष फायरिंग में अक्सा की मौत से तीनों परिवारों की खुशियां छीन गईं। निकाह नहीं होने से दोनों परिवारों में सभी तैयारी धरी रह गईं। जबकि, अक्सा की मौत से अरशद के परिवार में मातम पसरा है।