मवाना सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड में डायरेक्टर पद के चुनाव को लेकर प्रत्याशियों में घमासान शुरू हो गया है। तारापुर सर्किल के डायरेक्टर पद के भाजपा प्रत्याशी ने सपा प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव प्रचार न करने देने और 27 डेलीगेट्स के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया है।
तारापुर सर्किल से मवाना सहकारी समिति के डायरेक्टर पद के भाजपा प्रत्याशी सत्यवीर सिंह निवासी गांव नंगली खादर ने अपने विपक्षी प्रत्याशी के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया। बताया कि वह भाजपा के प्रत्याशी के रूप में डायरेक्टर पद के लिए मवाना गन्ना सहकारी समिति लिमिटेड में चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने तारापुर निवासी राजेंद्र उर्फ पप्पू और छोटी चामरोध गांव निवासी अखिलेश विपक्षी उम्मीदवार हैं।
आरोप है कि राजेंद्र उर्फ पप्पू समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार हैं, वह कानून व लोकतांत्रिक प्रक्रिया की धज्जियां उड़ाते हुए डायरेक्टर पद के लिए उन्हें और दूसरे प्रत्याशियों को क्षेत्र में चुनाव प्रचार नहीं करने दे रहे हैं। जब वह प्रचार के लिए डेलीगेट्स से संपर्क करते हैं तो राजेंद्र उर्फ पप्पू व उनका बेटा सिकंदर गाली-गलौज कर मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हैं। इन दोनों ने लगभग 27 डेलीगेटों को डरा-धमका कर अपहरण कर अपने कब्जे में ले रखा है। सीओ अभिषेक पटेल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। कई स्थानों पर दबिश भी दी गई है।