मेरठ में मुल्तान नगर में मेडा की टीम अवैध फैक्टरी सील करने पहुंची तो मेडा के जेई और फैक्टरी मालिक के बीच कहासुनी हो गई। इस बीच पहुंचे फैक्टरी संचालक के नाना का भी जेई से वाद-विवाद होने लगा। इसी दौरान नाना की हार्ट अटैक से मौत हो गई तो मामले ने दूसरा रूप ले लिया। जेई के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू हो गया। पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया।
टीपी नगर के मुल्तान नगर में शकुंतला पत्नी अशोक की रबड़ फैक्टरी है। यहां पर टेनिस बॉल बनाई जाती है। फैक्टरी का काम बेटा हिमांशु देखता है। बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) के जेई पवन शर्मा फैक्टरी पहुंचे। जेई ने आवासीय क्षेत्र में फैक्टरी होने का हवाला देते हुए इसे अवैध बताया। फैक्टरी को सील करने की बात कही। इस पर शकुंतला, हिमांशु और जेई के बीच कहासुनी होने लगी।