परीक्षितगढ़ थानाक्षेत्र के गांव खरकाली निवासी वीरपाल ने गांव के ही रहने वाले राकेश से फरवरी 2025 में अपने बेटे वेदप्रकाश के नाम खेती की जमीन खरीदी थी। वीरपाल के अनुसार जमीन खरीदने से पहले ही उसने राकेश को पूरे 83 लाख रुपये का भुगतान कर दिया। इसमें 40 लाख रुपये खाते में दिए, जबकि दो बार 20-20 लाख रुपये की एनईएफटी कर दी। बाकी तीन लाख रुपये बैनामे पर नकद दे दिए।
आरोप है कि राकेश ने अपने खाते से सारे पैसे निकाल लिए और जमीन का नोड्यूज आज तक नहीं दिया। संपर्क करने पर राकेश घर से लापता हो जाता है। मंगलवार को राकेश तहसील में आया था, जहां पहले वीरपाल व राकेश में पैसों को लेकर कहासुनी हुई। देखते ही दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट होने लगी। अन्य लोगों और अधिवक्ताओं ने बीचबचाव कराया। वहीं दोनों पक्ष बिना किसी कार्रवाई के तहसील से चले गए, थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई।