पल्लवपुरम फेज-एक में बुधवार देर शाम किराये के मकान में टैक्सी चालक का शव कमरे में छत के पंखे से लटका मिला। ट्यूशन से घर लौटी 10 वर्षीय बेटी ने पिता को फंदे पर लटका देखा तो उसकी चीख निकल गई। बच्ची का शोर सुनकर मकान मालिक और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भिजवा दिया गया।
मूल रूप से गंगानगर क्षेत्र की अमन विहार कॉलोनी के बी-140 निवासी 39 वर्षीय सचिन कुमार काफी समय से पल्लवपुरम फेज-एक स्थित ई-19 में पत्नी कोमल और 10 वर्षीय बेटी के साथ किराये पर रह रहे थे। सचिन पहले टैक्सी किराये पर चलाते थे, लेकिन पिछले करीब दो माह से कोई काम नहीं कर रहे थे।
बताया गया कि बुधवार देर शाम करीब सात बजे पत्नी कोमल किसी काम से घर से बाहर गई थीं, जबकि बेटी ट्यूशन पढ़ने गई थी। कुछ देर बाद बेटी घर लौटी तो मकान का बाहरी दरवाजा बंद मिला। उसने धक्का देकर दरवाजा खोला और अंदर पहुंच गई। कमरे का दरवाजा खुला था। अंदर पहुंचते ही उसकी नजर छत के पंखे से पत्नी की चुनरी के सहारे लटके पिता के शव पर पड़ी।
यह देखकर बच्ची घबरा गई और शोर मचाते हुए बाहर भागी। उसने मकान मालिक अनिल के परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद मकान मालिक कमरे में पहुंचे तो सचिन का शव फंदे पर लटका देखकर उनके होश उड़ गए। इसी बीच सूचना मिलने पर पत्नी भी घर पहुंच गईं। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
सीओ दौराला शिव ठाकुर पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। सूचना पर गंगानगर से मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मृतक के परिजनों ने भी किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।
ये भी देखें...
मेरठ: 'दो पैंट के साथ एक मुफ्त' का झांसा देकर 378 रुपये की साइबर ठगी, दो साल की जद्दोजहद के बाद मुकदमा दर्ज