ऑनलाइन खरीदारी के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। गूगल पर कपड़ों की सेल का आकर्षक विज्ञापन दिखाकर साइबर ठगों ने मेरठ के एक युवक संदीप से 378 रुपये ठग लिए। दो पैंट खरीदने पर एक पैंट मुफ्त देने का लालच देकर ठगों ने ऑनलाइन भुगतान करा लिया, लेकिन इसके बाद न तो सामान भेजा और न ही रुपये वापस किए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो उन्हें कोर्ट की शरण लेनी पड़ी।
गांधीनगर सूरजकुंड रोड निवासी संदीप ने साइबर थाने पर न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि 26 सितंबर 2024 को शाम करीब 6:30 बजे वह घर पर थे। इसी दौरान मोबाइल पर गूगल पेज खोलने पर उन्हें वघानी क्रिएशन नाम से कपड़ों की सेल का विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन में आकर्षक कीमतों पर कपड़े और दो पैंट खरीदने पर एक पैंट मुफ्त देने का ऑफर दिया गया था।
ऑफर से प्रभावित होकर उन्होंने दो पैंट का ऑर्डर बुक कर दिया। इसके लिए उनसे 378 रुपये ऑनलाइन भुगतान करने को कहा गया। कैश ऑन डिलीवरी का विकल्प नहीं होने पर उन्होंने पेटीएम के जरिए विज्ञापन में दिए गए फोन पे यूपीआई आईडी पर रकम भेज दी। भुगतान के बाद भी कपड़े घर नहीं पहुंचे।
पीड़ित के अनुसार, पेटीएम खाते में भुगतान की लोकेशन मुंबई के चेंबूर क्षेत्र में दिखाई दी। उन्होंने साइबर क्राइम थाने में शिकायत की थी। लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया था। उन्होंने 23 जनवरी 2025 को तत्कालीन एसएसपी को भी प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। एसपी क्राइम अवनीश कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
ये भी देखें...
बागपत: निर्माणाधीन आटा मिल का लिंटर गिरा, मलबे में दबकर शटरिंग ठेकेदार की मौत, काम कर रहे तीन मजदूर घायल