गैंगस्टर एक्ट में दो आरोपियों को पांच-पांच वर्ष की
गैंगस्टर एक्ट में नामजद दो आरोपियों को अदालत ने पांच-पांच साल की सजा सुनाई है। आरोपी प्रदीप कुमार निवासी टटीरी बागपत और अमित उर्फ विक्की वाल्मीकि निवासी विकासपुरी उत्तमनगर पश्चिमी दिल्ली के विरुद्ध वादी विध्यांचल तिवारी तत्कालीन थाना प्रभारी खरखौदा ने गैंगस्टर एक्ट में केस पंजीकृत कराया था। पुलिस ने प्रदीप कुमार और अमित उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर जेल भेजा दिया था। इस मामले में पुलिस ने प्रभावी पैरवी की गई। मंगलवार को न्यायालय स्पेशल जज (गैंगस्टर एक्ट) द्वारा प्रदीप कुमार व अमित उर्फ विक्की को पांच-पांच वर्ष का कारावास और 10-10 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।
हत्या के मामले में मेरठ का एक आरोपी धरा, दूसरा फरार
मुजफ्फरनगर के रतनपुरी क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर माफी निवासी खुर्शीद की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस ने यू-ट्यूब गायिका फरमानी नाज के पिता आरिफ और भाई फरमान नाज समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी फरार है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू व बाइक बरामद की गई है। पत्नी व साली से मोबाइल पर बात करने के शक में फरमान ने अपने पिता की मदद से वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों में फरियाद पुत्र उजागर, पूठखास, मेरठ और जाकिर पुत्र साबिर, जानीखुर्द भी शामिल हैं। जाकिर अभी फरार है।
डकैती और पुलिस पर हमले के पांच आरोपी गैंगस्टर में नामजद
भावनपुर थाना पुलिस ने पांच बदमाशों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की है। आरोपियों के खिलाफ डकैती और पुलिस पर जानलेवा हमले के मामले दर्ज हैं।
भावनपुर थाना प्रभारी अतर सिंह ने बताया कि रणदीप उर्फ संदीप और लीलू उर्फ गूंगा निवासी मेहरमती गणेशपुर सरधना, इरफान उर्फ गोलू निवासी कस्बा पुलिस चौकी सरधना, जगमोहन निवासी अब्दुल्लापुर भावनपुर और लोकेश निवासी नई गंज थाना शाहबाद रामपुर के खिलाफ डकैती और पुलिस पर हमले की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज हैं। रणदीप उर्फ संदीप इनके गिरोह का सरगना है। अब इन आरोपियों को गैंगस्टर एक्ट में नामजद किया गया है।
शहर के होटलों में चला दोपहर को चेकिंग अभियान
शहर के होटलों में मंगलवार दोपहर को एसपी सिटी पीयूष कुमार सिंह के निर्देश पर चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस ने होटलों में सीसीटीवी की फुटेज और रजिस्टर भी चेक किए। कई होटल संचालकों को रजिस्टर का ठीक से रखरखाव करने के निर्देश दिए। सिविल लाइन सर्किल में सीओ अरविंद चौसिया के नेतृत्व में हर थाना क्षेत्र के तीन-तीन होटलों में औचक चेकिंग कराई गई। किसी भी होटल में गड़बड़ी नहीं मिली।