मेरठ। ड्रग्स विभाग की टीम ने शुक्रवार को हापुड़ अड्डे पर एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। यहां उन्हें ईएसआई अस्पतालों में इस्तेमाल होने वाली दवाएं मिलीं। टीम ने मेडिकल स्टोर और करीब ढाई लाख रुपये की दवाओं को सीज कर दिया है। इसके साथ ही दो एलोपैथिक दवाओं के नमूने लिए हैं। इन्हें जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
औषधि निरीक्षक पीयूष कुमार ने बताया कि एक सूचना के आधार पर सहायक आयुक्त (औषधि) अरविंद गुप्ता ने यह कार्रवाई की। उनके साथ औषधि निरीक्षक प्रियंका चौधरी और गौरव लोधी रहे। उन्होंने बताया कि यह आरएस मेडिकल स्टोर, भगवती काम्प्लेक्स हापुड़ अड्डे पर है। इसका लाइसेंस है, लेकिन यहां लगभग 2,53,952 रुपये मूल्य की एलोपैथिक फिजिशियन और ईएसआई सैंपल (नॉट फॉर सेल) मिले, जिन्हें फार्म 16 पर सीज किया गया है। दो संदिग्ध औषधियों के नमूने जांच एवं विश्लेषण के लिए लिए गए हैं । मेडिकल स्टोर को अग्रिम आदेश तक तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया है। नमूनों की परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने और विवेचना पूर्ण होने के पश्चात न्यायालय में परिवाद दाखिल किया जाएगा।
दरअसल, ईएसआई एक स्वास्थ्य बीमा योजना है, जिसे भारतीय श्रमिकों को चिकित्सा और नकद लाभ प्रदान करने के लिए डिजाइन किया गया है। इसे कर्मचारी राज्य बीमा निगम द्वारा नियंत्रित और विनियमित किया जाता है। ईएसआई भारत सरकार के श्रम और रोजगार मंत्रालय के तहत एक स्वायत्त कॉर्पोरेट निकाय है।