एमडीए ने किए टावर सील, जमीन की होगी जांच
परतापुर (मेरठ)। रिझानी गांव में एमडीए की जमीन पर मोबाइल टावर के मामले में सोमवार को एमडीए की टीम पहुंची और दोनों टावर सील कर दिए। टीम की ओर से बताया गया कि तहसील के अधिकारियों को बुलाकर जमीन की जांच कराई जाएगी। यदि अवैध कब्जा मिला तो आगे की कार्रवाई होगी।
दरअसल, रिझानी निवासी रामपाल शर्मा ने अपने घर के सामने एमडीए की जमीन कब्जा कर दो मोबाइल टावर लगवा दिए थे। अब तीसरे टावर लगवाने की तैयारी थी। गांव के लोगों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। वहीं, ग्रामीणों ने पलायन के पोस्टर भी लगा दिए थे।
इसका पता चलने के बाद सोमवार को एमडीए के जेई उमाशंकर टीम के साथ पहुंचे और टावर पर सील लगा दी। रामपाल को अग्रिम कार्रवाई तक कोई कार्य न करने की चेतावनी दी। उन्होंने बताया कि एक दो दिन में जमीन की पैमाईश कराई जाएगी और अवैध कब्जा चिह्नित किया जाएगा।