खिर्वा नौआबाद में फांसी के फंदे पर लटकी मिली विवाहिता, पति समेत चार पर मुकदमा
सरधना। गांव खिर्वा नौआबाद में बुधवार देर रात दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता फांसी के फंदे पर लटकी मिली। पिछले दिनों उसके साथ मारपीट भी की गई थी। महिला के मायके वालों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया दिया। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी फरार हैं।
गाजियाबाद के मोदीनगर सैदपुर निवासी 28 वर्षीय कविता की शादी 2014 में खिर्वा नौआबाद निवासी विकास उर्फ बबलू पुत्र कंवरपाल के साथ हुई थी। आरोप है कि दहेज की खातिर तीन दिन पूर्व कविता के साथ ससुरालियों ने मारपीट की। उसने मायके में सूचना दी। परिजनों ने कविता की ससुराल वालों से बात की तो उस समय मामला शांत हो गया। फिर से कविता के साथ मारपीट की गई। परिजनों का कहना है कि बुधवार को उन्होंने कविता का मोबाइल नंबर मिलाया तो बंद आ रहा था। देर रात वह खिर्वा नौआबाद पहुंचे तो उन्हें कविता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव को पंखे से नीचे उतरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतका कविता के भाई बलराम की तहरीर पर पुलिस ने पति विकास, ससुर कंवरपाल, सास प्रकाशी, ननद कोमल के खिलाफ ने दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।