बाइकों की भिड़ंत में हर्रा के युवक की मौत, बुलेट सवार घायल
सरूरपुर। हर्रा गांव के बाहरी छोर पर बृहस्पतिवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनोें बाइक सवार घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। जहां एक युवक की मौत हो गई।
गांव मैनापूठी निवासी नाजिम पुत्र इंतजार बाइक पर सवार होकर हर्रा गांव से अपने गांव लौट रहा था। हर्रा के बाहरी छोर पर सामने से आ रही बुलेट बाइक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर लगने पर दोनों युवक ऊपर उछल गए और पास से गुजरे अन्य वाहन से टकरा गए। जिससे दोनों को गंभीर चोट आई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां मैनापूठी निवासी नाजिम ने दम तोड़ दिया। वहीं, बुलेट बाइक पर सवार गांव छुर निवासी शिवम की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। समाचार लिखे जाने तक तहरीर नहीं दी गई थी।