मेरठ: मनन बैंसला और उनका परिवार।
- फोटो : amar ujala
मेरठ के मनन बैंसला ने फाइटर पायलट बनकर जिले का नाम रोशन किया है। वहीं मनन के पायलट बनने पर उनके परिवार और गांव में खुशी का माहौल है। आसपास के लोग उनके परिवार को बधाई दे रहे हैं।
बताया गया कि एयर फोर्स एकेडमी हैदराबाद में शुक्रवार को हुई पासिंग आउट परेड में मेरठ के मनन बैंसला को फाइटर पायलट के रूप में कमीशन प्राप्त हुआ। एयर चीफ मार्शल राकेश भदौरिया द्वारा मनन को विंग्स प्रदान किए गए।
मूलरूप से कसेरू बक्सर निवासी और वर्तमान में साकेत में रह रहे मनन के पिता कम्प्यूटर इंजीनियर हैं और माता राजकीय माध्यमिक विद्यालय में प्रधानाचार्या के पद पर कार्यरत हैं। मनन को सेना में जाने की प्रेरणा अपने बड़े भाई आयुष बैंसला से मिली जो भारतीय नौसेना में लेफ्टिनेंट के पद पर कार्यरत हैं।
बताया गया कि मनन की प्रारंभिक शिक्षा दीवान पब्लिक स्कूल मेरठ से हुई। 2017 में पहले प्रयास में ही उनका चयन एनडीए खड़गवासला के लिए हो गया। वे फुटबाल के बेहतरीन खिलाड़ी हैं। मनन की सफलता से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है।