गढ़ रोड स्थित हारमनी होटल में एक युवक ने मंगलवार रात फांसी लगाकर जान दे दी। उक्त युवक कर्ज में डूबा हुआ था, जिसके चलते उसने जान देने की बात सुसाइड नोट में लिखी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेजकर परिजनों को इसकी जानकारी दे दी।
हापुड़ स्थित श्रीनगर कॉलोनी निवासी उज्जवल दीवान (25) पुत्र कमल दीवान एक कंप्यूटर कंपनी में जॉब करता था। उज्जवल दीवान ने मंगलवार की रात 8:30 बजे गढ़ रोड स्थित हारमनी होटल में एक कमरा लिया। रात 11:30 बजे तक होटल कर्मचारी ने उज्जवल को खाना भी खिलाया। उसके बाद वह चला गया और उज्जवल अंदर से कुंडी लगाकर सो गया।
बुधवार दोपहर 12:00 बजे तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी लगने पर इंस्पेक्टर नौचंदी पुलिस टीम के साथ होटल में पहुंच गए। दरवाजा तोड़ने पर युवक का शव पंखे पर लटका मिला। उसके पास सुसाइड नोट मिला। जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार खुद को ठहराया। उसने लिखा कि लाखों रुपए कर्ज होने के चलते यह कदम उठा रहा है। उसकी मौत के बाद कोई भी उसके परिजनों को परेशान न करें।
शव पोस्टमार्टम भेजा, परिजनों को सूचना दी
इंस्पेक्टर नौचंदी संजय वर्मा ने बताया कि सुसाइड नोट को कब्जे में लिया है। उज्जवल दीवान का शव पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया व उसके परिजनों को इसकी जानकारी दे दी है। परिजन पहले होटल और फिर पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। परिजन का रो रो कर बुरा हाल है। सीओ सिविल लाइन देवेश सिंह का कहना है कि परिजनों से भी जानकारी ली गई। कर्जा होने के चलते उज्जवल दीवान ने खुदकुशी की है।