यूपी के बिजनौर कलक्ट्रेट में एक व्यक्ति का शव पेड़ के नीचे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार मीरापुर के रहने वाले नीरज पुत्र सुखवीर सिंह ने मंगलवार को जिला कलक्ट्रेट में जहरीला पदार्थ खाकर मौत को गले लगा लिया। उसका शव कलक्ट्रेट परिसर में एक पेड़ के नीचे मिला। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की तो मृतक की जेब से कई शिकायती पत्र मिले।
पुलिस के अनुसार मृतक की जेब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम लिख कई पत्र मिले हैं। इन सभी में मृतक नीरज ने इंसाफ दिलाने की गुहार लगाई है। पत्र में लिखा है कि चोरी के झूठे मामले में पुलिस ने उसे जेल भेज दिया था तभी से वह परेशान चल रहा था।