हत्याकांड में अब तक 17 आरोपी प्रकाश में
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अंकित बालियान हत्याकांड में अब तक 17 आरोपी प्रकाश में आए हैं। दो मुख्य शूटर सुमित और मोहित 31 अगस्त को पुलिस मुठभेड़ में मारे गए थे। सत्यम कादियान, आर्यन संधू और एक लाख रुपये का इनामी भोलू अभी वांछित हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए एसओजी और सर्विलांस की टीमें प्रयास कर रही हैं।
पांच आरोपी तिहाड़, एक करनाल जेल में बंद
पुलिस के मुताबिक, हत्याकांड के पांच आरोपी तिहाड़ और एक आरोपी करनाल जेल में बंद है। उनकी पुलिस कस्टडी रिमांड के लिए न्यायालय में पैरवी की जा रही है। कनाडा में रह रहे दो आरोपियों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किए गए हैं और उन्हें भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने बिना सत्यापन पोस्ट साझा न करने की अपील की
एसपी ने लोगों से अपील की कि आपराधिक घटनाओं से जुड़ी पोस्ट और वीडियो बिना सत्यापन के साझा न करें। उन्होंने कहा कि भ्रामक सामग्री से अफवाह फैल सकती है। सही जानकारी के लिए पुलिस के आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करें।