आज रात 12 बजे से शुरू होगी मलियाना पुल की मरम्मत
मेरठ। मलियाना पुल की मरम्मत का कार्य बृहस्पतिवार रात 12 बजे से शुुरू किया जाएगा। इसके लिए बुधवार को लोक निर्माण विभाग के इंजीनियरों ने पुल का मौका-मुआयना किया और मरम्मत से जुड़े सभी पहलुओं पर विचार-विमर्श किया।
कामकाज की निगरानी के लिए लोक निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर सहित अन्य अधिकारियों को लगाया है, ताकि किसी तरह की दिक्कत न हो सके। बृहस्पतिवार सुबह से शाम तक पुल पर ट्रैफिक यथावत चलता रहेगा। मरम्मत के लिए रात दस बजे से क्रेन और अन्य मशीनें वहां पहुंचाई जाएंगी। मरम्मत का काम शुरू होने पर बागपत रोड पर आवाजाही पूरी तरह से रोक दी जाएगी।
25 जून तक किए जाने वाले मरम्मत कार्य के लिए पिछले एक वर्ष से कवायद चल रही थी। कई बार टेंडर जारी किए गए पर कोई भी ठेकेदार कार्य करने के लिए तैयार नहीं हुआ था। हाल ही में इसका टेंडर फाइनल हुआ है। इसके लिए 36 लाख 64 हजार रुपये का बजट तय किया है। पुल की मरम्मत के साथ बेयरिंग सहित ज्वाइंट ठीक किए जाने हैं। इसके अलावा पुल पर सड़क और फुटपाथ के बीच 20 से 25 सेंटीमीटर की दूरी रखी जाएगी। हाल में सड़क और दोनों ओर के फुटपाथ बराबर हो गए हैं। इस कारण कई बार वाहन चालक फुटपाथ पर चढ़ जाते हैं।
---
25 जून तक लगातार चलेगा काम
बृहस्पतिवार को दिन में ट्रैफिक नहीं रोका जाएगा। रात 12 बजे से मरम्मत का काम शुरू कर देंगे। इसके बाद 25 जून तक लगातार कार्य किया जाएगा।
- अरविंद कुमार, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग