लूटा हुआ सोना गड्ढे में दबाया, आरोपी से किया बरामद
मेरठ। लूटा हुआ सोना पुलिस ने मकान में गड्ढा खोदकर दबा दिया। आरोपी को पुलिस ने तीन दिन रिमांड पर लेकर सोना बरामद कर लिया। पुलिस ने इस घटना का खुलासा किया है।
एसपी सिटी विनीत भटनागर और सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया ने प्रेसवार्ता में बताया कि तीन बाइक सवार लुटेरों ने छह दिसंबर प्रमोद वर्मा निवासी ब्रह्मपुरी से हापुड़ जाते समय बैग लूट लिया था। प्रमोद कुमार ने पुलिस को बताया कि बैग के अंदर 375 ग्राम सोने के जेवरात और अन्य कीमती सामान था।
कोतवाली पुलिस ने सीसीटीवी की फुटेज खंगाली। इसके आधार पर जांच के बाद आरोपी राशिद, इरफान निवासी उबरपुर हाफिजपुर हापुड़ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस घटना में फरार यासीन बरेली जेल में बंद था। पुलिस ने यासीन को तीन दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की। उसने बताया कि लूटे गए जेवरात उसने अपने मकान में गड्ढा खोदकर दबा दिए। पुलिस ने यासीन के खजूरी स्थित घर से लूटे सामान को बरामद कर लिया। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी यासीन पर गौतमबुद्धनगर, बरेली, मेरठ सहित कई थानों में केस दर्ज हैं। पुलिस खुलासे के दौरान पीड़ित व्यापारी प्रमोद वर्मा ने बताया कि उन्हें अपना सामान मिलने की उम्मीद नहीं थी। अब यह मिलने से बड़ी राहत मिली है।