लूटा गया सीमेंट लदा ट्राला हरियाणा से बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार
सरूरपुर। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर शनिवार को चालक को बंधक बनाकर सीमेंट से लदे ट्रॉले को लूटने के मामले का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपियों से सीमेंट से लदा ट्राला व तमंचा बरामद किया है।
राजस्थान के जिला अजमेर के गांव जैतपुरा निवासी चालक पुखराज ने तहरीर में बताया था कि 30 जुलाई की शाम वह राजस्थान के बिम्बावाड़ा से ट्रॉले में जेके सीमेंट के 860 बैग लादकर नोएडा के लिए चला था। शनिवार रात करीब साढे़ 11 बजे ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर दनकौर के पास उसकी गाड़ी के सामने 10 टायरा गाड़ी लगाकर चार बदमाशों ने उसे रोक लिया तथा मारपीट कर गाड़ी में बंधक बना लिया। बदमाशों ने दुहाई के नजदीक दूसरी गाड़ी में डाल लिया। इसके बाद बदमाश उसे सरूरपुर के जंगल में पेड़ से बांधकर फरार हो गए थे। बंधन मुक्त होकर उसने सरूरपुर थाने रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने मौके जाकर मामले की छानबीन की। इस दौरान उन्होंने हरियाणा के नूंह जिले के गांव सौंध में एक इंटरलॉकिंग फैक्टरी में बेचा हुआ माल होने की जानकारी पर छापा मारा। जहां से पुलिस ने सीमेंट के 860 बैग और 10 टायरा ट्रक बरामद कर लिया।
पुलिस ने मुख्य आरोपी जाकिर पुत्र साहिदा निवासी इंदाना थाना बिछोर जिला नूंह के अलावा सीमेंट खरीदने वाले वीर सिंह पुत्र बलबीर सिंह निवासी धारम पट्टी थाना होडल, पलवल हरियाणा, समय सिंह उर्फ पप्पू पुत्र लखनलाल निवासी गांव रोहता पट्टी थाना होडल पलवल, अजीत पुत्र भरतराम निवासी ग्राम बंचारी थाना मुंडकटी पलवल को गिरफ्तार किया। आरोपियों से एसपी देहात केशव कुमार ने पूछताछ की। जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया।
पूछताछ मेंमुख्य आरोपी ने लूट में शामिल अन्य आरोपी खुर्शीद निवासी नांगल थाना हथीन पलवल, शौकीन निवासी नीमका थाना बिछौर नूंह व एक अन्य आरोपी खुर्शीद के बारे में बताया। सीमेंट से लदे ट्रक को लूटने के बाद आरोपियों ने कम दाम पर बेचने के लिए वीर सिंह से संपर्क किया था। वीर सिंह ने सस्ते के लालच में आकर सीमेंट से लदा ट्रक ग्राम सौंध में इंटरलॉकिंग फैक्टरी पर मंगवा लिया, जहां से पुलिस ने दबिश देकर माल बरामद करते हुए आरोपियों को पकड़ा। वहीं, पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।