पूर्व विधायक रुचि वीरा का फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
पूर्व विधायक रुचि वीरा आंवला सीट से बसपा के टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़ेंगी। रुचि वीरा बिजनौर लोकसभा से बसपा का टिकट मांग रही थीं। बिजनौर सीट की जगह उन्हें आंवला सीट से चुनाव लड़ने की बसपा हाईकमान ने हरी झंडी दी है। रुचि वीरा ने आंवला सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर दी है।
सपा की पूर्व विधायक रुचि वीरा ने लोकसभा चुनाव की घोषणा होने से पहले सपा को छोड़कर बसपा का दामन थामा था। रुचि वीरा को बिजनौर लोकसभा का प्रभारी बनाया गया था। कुछ लोगों के विरोध करने पर उन्हें बिजनौर लोकसभा से हटा दिया गया था। चांदपुर के पूर्व विधायक इकबाल ठेकेदार को बिजनौर लोकसभा का प्रभारी बना दिया गया। बिजनौर लोकसभा सीट से बसपा का टिकट लेने के लिए पूर्व विधायक इकबाल ठेकेदार, रुचिवीरा व मलूक नागर पूरी ताकत के साथ लगे थे।
सूत्रों के मुताबिक बसपा हाईकमान ने रुचि वीरा को बिजनौर लोकसभा सीट से टिकट देने के लिए मना कर दिया। उन्हें आंवला लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए कहा। रुचि वीरा ने आंवला सीट से चुनाव लड़ने के लिए हामी भर दी है। बसपा ने आंवला सीट से रुचि वीरा को चुनाव लड़ाने को हरी झंडी दे दी है। खुद रुचि वीरा ने आंवला सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ने की बात कही है।
बसपा के कई नेताओं ने बताया कि रुचि वीरा को बसपा ने आंवला सीट से चुनाव लड़ाने का निर्णय लिया है। बसपा हाईकमान की हरी झंडी मिलने के बाद रुचि वीरा ने आंवला सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। रुचि वीरा ने अपने समर्थकों के साथ आंवला में डेरा डाल दिया है। रुचि वीरा की गिनती जिले के कद्दावर नेताओं में होती है। सपा से विधायक रहते हुए जिले में उनकी खूब तूती बोली। रुचि वीरा व उनके पति उदयन वीरा, जिला पंचायत अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/