शामली के कैराना लोकसभा क्षेत्र में सोमवार को भाजपा और कांग्रेस की दो बड़ी जनसभाएं होंगी। राहुल-प्रियंका वीवी डिग्री कालेज के मैदान में और सीएम योगी आदित्यनाथ राष्ट्रीय किसान इंटर कालेज के मैदान में चुनावी सभा करेंगे। दोनों चुनावी सभा को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए रविवार को पूरे दिन पुलिस-प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम करने में जुटा रहा।
कैराना लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी प्रदीप चौधरी के समर्थन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राष्ट्रीय किसान इंटर कालेज शामली के खेल मैदान में सोमवार दोपहर करीब दो बजे चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा में जनता के पहुंचने के लिए कालेज के मुख्य द्वार से प्रवेश होगा। मुख्यमंत्री का हैलीपैड किसान डिग्री कालेज में बनाया गया है।
हैलीकाप्टर से उतरने के बाद मुख्यमंत्री को कार द्वारा किसान इंटर कालेज के दूसरे गेट से जनसभा स्थल तक ले जाया जाएगा। जनसभा स्थल पर उत्तर दिशा में मंच बनाया गया है। जनसभा के लिए कारीगर मंच और पंडाल बनाने में लगे रहे। अधिकारियों ने भी जनसभा स्थल पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
उधर, वीवी डिग्री कालेज शामली के पीछे वाले मैदान में लगभग इसी समय करीब दो बजे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी कांग्रेस प्रत्याशी हरेंद्र मलिक के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर और पश्चिमी प्रदेश प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया भी पहुंचेंगे।
राहुल और प्रियंका की जनसभा को लेकर मैदान के उत्तर में मंच बनाया गया है। जनसभा के दौरान वीवी डिग्री कालेज का मुख्य गेट बंद रहेगा। आम जनता कालेज के बराबर वाले रास्ते से मैदान तक पहुंचेंगी। इस मार्ग पर दो गेट बनाए गए हैं, जिनमें पहला गेट जनता के लिए, जबकि इससे आगे वाला गेट वीआईपी के लिए खोला गया है।
इस गेट से वीआईपी सीधे मंच पर पहुंचेंगे। मैदान के एक तरफ दो हैलीपैड बनाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल के साथ एनएसजी की टीम शनिवार से जनसभा स्थल पर डेरा डाले हुए हैं। रविवार को एनएसजी के एआईजी ने भी पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
राहुल और प्रियंका की सुरक्षा की खातिर सभा स्थल पर जहां चप्पे पर चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा, वहीं आसपास के मकानों की छतों पर भी सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। अधिकारियों के मुताबिक दोनों जनसभाओं के लिए मेरठ जोन से अतिरिक्त फोर्स मांगा गया है। दोनों स्थानों पर लगभग 400-400 पुलिसकर्मी और अधिकारी तैनात रहेंगे।
शामली में सोमवार को होने वाली दोनों जनसभाओं के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दोनों स्थानों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। सुबह से ही पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। - अजय कुमार, एसपी।
मायावती, जयंत की जनसभा आज
वहीं, बसपा सुप्रीमो मायावती और रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं बागपत से प्रत्याशी जयंत चौधरी आज मेरठ में चुनावी जनसभा करेंगे। मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र के बसपा प्रत्याशी हाजी याकूब कुरैशी के समर्थन में यह रैली हापुड़ रोड पर शाकरपुर में होगी। मायावती सुबह 11.30 बजे जनसभा में पहुंचेंगी।
जनसभा के कारण आज हापुड़ रोड पर जाम लग सकता है। इसके लिए पुलिस-प्रशासन ने रूट डायवर्जन प्लान लागू किया था, जो कि रविवार को रद्द कर दिया गया। प्रशासन ऐन मौके पर रूट डायवर्जन कर सकता है। इसलिए आज संभलकर निकलें, नहीं तो जाम में फंस सकते हैं। अधिकारियों का भी कहना है कि रूट डायवर्जन पर फैसला सोमवार को लिया जाएगा। जनता को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंगलवार को गढ़ रोड पर सिसौली में होने वाली जनसभा को लेकर भी रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया था, वह भी रद्द कर दिया है। इस पर 9 अप्रैल को ही फैसला लिया जाएगा। उधर, सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मेरठ हवाई पट्टी पर सोमवार दोपहर 1.50 बजे पहुंचेंगे। वह यहां से हेलीकाप्टर से गाजियाबाद में रैली को संबोधित करने जाएंगे। उसके बाद बागपत के बालैनी में सभा करने जाएंगे। शाम करीब सवा पांच बजे वापस परतापुर हवाई पट्टी आएंगे और यहां से लखनऊ रवाना हो जाएंगे।