शामली जिले में लॉकडाउन में सुबह रोज की तरह 9:30 पर दुकानें खुलीं और लोागें ने जरूरत का सामान राशन और सब्जी आदि की खरीदारी की। लॉकडाउन का पालन कराने के लिये पुलिस तैनात रही। जनपद के सील किए गए हॉटस्पॉट में भी जरूरत का सामान जिम्मेदारों की मदद से घरों पर ही उपलब्ध कराया गया।
बागपत जिले में लॉकडाउन में दूसरे दिन राशन वितरण के कारण दिक्कतें हुईं और सोशल डिस्टेंसिंग का नियम टूटा। डीएम शकुंतला गौतम, एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव ने खेकड़ा क्षेत्र का निरीक्षण किया। स्क्रीनिंग सेंटरों में रखे गए जमातियों की काउंसलिंग का कार्य शुरू किया गया है। अब तक जिले में 14 पाॅजिटिव मिल चुके हैं।
सहारनपुर में मौलाना साद के रिश्तेदारों पर केस दर्ज होने के बाद कोरोना संक्रमित मरीजों के संपर्क में आने वालों की तलाश जारी है। जांच में सामने आया है कि अभी तक मौलाना के रिश्तेदार सही जानकारी छिपा रहे थे।
बताया गया कि ये निजामुद्दीन से आए थे, अन्य लोगों के संपर्क में भी रहे जिनकी तलाश जारी है। सहरानपुर मंडल के संवेदनशील घोषित होने के बाद अब लैब में सैंपलों का बोझ बढ़ने की संभावना है।
मुजफ्फरनगर में लाॅकडाउन के दौरान छूट मिलने से कृषि की गतिविधियां बढ़ी हैं। आज सुबह स्पेयर पार्ट्स और इलेक्ट्राॅनिक्स की दुकानें खुलीं।साथ ही कृषि यंत्रों के मैकेनिकों की दुकानें भी खुलवाई गईं। इस सप्ताह जिले में गेहूं कटाई एवं थ्रेसिंग का काम जोर पकड़ेगा।
लॉकडाउन के दूसरे चरण के दूसरे दिन सुबह 6 से 9 तक बाजार खुला। प्रशासन की अनुमति पर आज से स्पेयर पार्ट्स और इलेक्ट्राॅनिक्स के साथ ही कृषि यंत्रों की दुकानें खुलने से किसानों के साथ नागरिकों ने काफी राहत महसूस की। लोगों ने जरूरत का सामान खरीदा। शहर के किदवईनगर समेत अन्य स्थानों पर बने हॉटस्पॉट क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रही। लोग घरों में रहे। प्रशासन ने यहां होम डिलीवरी की व्यवस्था कराई।
बिजनौर जनपद में सब्जी मंडी में कारोबारियों का ग्राफ घटा है। सब्जी व्यापारियों का कहना है की पहले ही लोगों के स्टॉक के कारण बाजार गिरने लगा है। वहीं लाॅकडाउन के अनुपालन के लिए पुलिस बाइक सवारों को खूब चालान काट रही है।
नजीबाबाद में पुलिस ने सुबह 9 बजे के बाद नगर में किराना और दूध की सभी दुकानें बंद करा दी गईं। नगीना क्षे़त्र के ग्राम बाकरपुर गढ़ी में लोगों ने मुख्य मार्ग बंद कर दिया है जिससे बाहरी लोग गांव में प्रवेश नहीं कर पाएं।