मुजफ्फरनगर लॉकडाउन के 20 वें दिन सोमवार को सुबह बाजार खुले तो लोगों ने सामान की खरीदारी की। सब्जी मंडी और दाल मंडी में भीड़ रही। एक और कोरोना पॉजिटिव केस मिलने जाने पर प्रशासन ने खतौली क्षेत्र केसदीकनगर मोहल्ले को सील कर दिया। जनपद में कुल 7 पॉजिटिव केस हैं, जिनमें पांच जमाती हैं।
शहर के किदवईनगर को पहले ही सील कर दिया गया है। यहां जरूरत के सामान की होम डिलीवरी की गई। 9 बजे पुलिस ने सभी लोगों को दुकानें बंद करा कर घरों में भेज दिया इस दौरान शिव चौक, मीनाक्षी चौक पर पुलिस ने बाइकों के चालान किए। उधर, बैसाखी पर्व पर गुरुद्वारे बंद रहे। सिख समाज ने घरों में ही दीवान सजाकर अरदास और पाठ किया।
अब तक पश्चिमी यूपी में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या-
मेरठ - 48, इनके अलावा नौ कोरोना पाॅजिटिव पूरी तरह ठीक हो गए हैं जबकि एक की मौत हुई है।
सहारनपुर -30
शामली -11
मुजफ्फरनगर-7
बागपत -14
बिजनौर -5
बिजनौर में आज आई रिपोर्ट में 5 लोगों को कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है, जबकि जिला निवासी एक व्यक्ति को कानपुर में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। सोमवार को बैंक दो दिन बाद खुले तो बैंकों के बाहर खाताधारकों की भीड़ बढ़ गई। लॉकडाउन बढ़ने के आसार को देखते हुए बैंकों व दुकानों पर उपभोक्ताओं की भीड़ सुबह से ही उमड़ी हुई है। पुलिस ने सुबह के समय बाजार में आए लोगों पर ज्यादा सख्ती नहीं दिखाई।
उपभोक्ता बैंकों से रुपये का लेनदेन करने में लगे रहे। वहीं पुलिस लोगों से घरों में रहकर लॉक डाउन का पालन करने व जरूरत होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील करती रही।
लॉकडाउन में छूट दिए जाने का किसानों ने फायदा उठाया है। जिले में 15 दिन के भीतर 70 हजार हेक्टेयर से अधिक गन्ने की बुवाई की जा चुकी है।
सहारनपुर में पुलिस प्रशासन द्वारा लॉकडाउन के दौरान शहर से देहात तक सील कराए गए क्षेत्रों में लोगों को बाहर न निकलने की अपील के साथ घर पर जरूरी सेवाएं पाने के लिए हेल्पलाइन नंबर बताए जा रहे हैं। लोगों को बताया जा रहा है कि राशन, फल सब्जी, चिकित्सा सहित अन्य जरूरतों के लिए हेल्पलाइन पर ही संपर्क करें। बाहर निकलकर कोरोना का खतरा न बढ़ाएं और न ही भीड़ होने दें।
जिले में अब तक 44 कोरोना संक्रमित मरीज मिल चुके हैं। कोरोना संक्रमण को देखते हुए शहर के पांच थानों के अलावा चिलकाना, रामपुर मनिहारान, गंगोह और देवबंद के ज्यादातर हिस्से सील किए जा चुके हैं। 24 और कोरोना पॉजिटिव मिलने की वजह से कुछ और एरिया को हॉट स्पॉट में तब्दील किया जा सकता है।
शामली में हॉटस्पॉट तिमरसा, नानुपुरी में सोमवार दूसरे दिन भी सर्च अभियान शुरू किया गया है। इसमें स्वास्थ्य विभाग की 25 टीमें डोर टू डोर सर्वे कर रही हैं। सर्वे में बाहर से आने वाले लोगों और जुकाम, खांसी और बुखार वाले लोगों की जानकारी की जाएगी।
जनपद में रविवार रात मेरठ से आई 85 सैंपल की जांच रिपोर्ट निगेटिव आने से कोई नया केस कोरोना संक्रमित सामने नहीं आया है। पूर्व में मिल चुके कोरोना संक्रमित 11 जमातियों का उपचार कोविड अस्पताल में चल रहा है। अभी लैब में करीब 50 सैंपल की जांच रिपोर्ट लंबित है।
लॉकडाउन में सोमवार को सुबह पुलिस ने आर्य समाज के सहयोग से ट्रैक्टरट्रॉली में हवन कुंड रखकर आहुति देते हुए शहर में निकला। यह आयोजन शहर का वातावरण शुद्ध करने और कोरोना मुक्ति की कामना को लेकर किया गया।
उधर, हॉटस्पॉट इलाको में प्रशासन की व्यवस्था के अनुसार जरूरत का सामान उपलब्ध कराया गया। लॉकडाउन का पालन कराने के लिये हॉटस्पॉट इलाके शामली के तिमरसा, झिंझाना के चार मोहल्लों और गांव भैंसानी इस्लामपुर में पुलिस बल तैनात है।