अब सवाल सरकारी मशीनरी पर उठता है कि आखिरकार खादर इलाके में लगातार शराब की भट्टियां किसके आदेश पर चल रही हैं और लोगों को जहरीली शराब कैसे बांटी जा रही है। इसको लेकर आसपास के लोगों में भी पुलिस के प्रति गुस्सा है।
सवाल उठता है कि एक तरफ कोरोना वायरस से लोगों को बचाने के लिए प्रधानमंत्री ने 21 दिन का लॉकडाउन किया हुआ है। वहीं, शराब, तम्बाकू, बीड़ी और सिगरेट जैसी सामग्रियों पर भी रोक लगाई हुई है। ऐसे हालात में जहरीले शराब को कोई भला कैसे बेच सकता है।
बताया जा रहा है कि खादर इलाके में शराब बनाने और फिर बेचने के लिए पुलिस के साथ पहले से ही सेटिंग है। पुलिस सूत्रों की मानें तो एक सिपाही उक्त युवक से मोटा पैसा लेता है, जोकि पुलिस में बंटता है।
वीडियो बनाने वाले का दावा है कि यह वीडियो शुक्रवार को बनाया गया है। जिसको उसने पुलिस के अधिकारियों तक भी पहुंचाया है। ताकि जहरीली शराब बेचने वाले के खिलाफ पुलिस के अधिकारी कड़ी कार्रवाई करें और देहात में हजारों की संख्या में लोगों को बचाएं।
मेरठ शहर से भी आ रहे हैं लोग
जहरीली शराब को खरीदने वालों की लंबी लाइन लगी हुई है। वह 50 रुपये लीटर शराब बेच रहा है। जिसमें मेरठ शहर से भी काफी लोग शराब लेने के लिए पहुंचे हैं। वह बार-बार शराब लेने की बात कर रहे हैं, लेकिन शराब बेचने वाला युवक लोटे में भरभर कर पॉलिथीन के पैकेट बना रहा है।
वह कह रहा है कि अपने साथ बर्तन या बाल्टी लेकर आएं। यहां शराब की कोई कमी नहीं है। जितनी शराब चाहिए, ले जाओ। लेकिन मेरे पास पॉलिथीन नहीं है। इससे साफ जाहिर है कि उक्त युवक बेखौफ होकर शराब बेच रहा है।
मामला बेहद गंभीर है। इस मामले की जांच कराई जाएगी। वायरल हुआ वीडियो परीक्षित गढ़ का है। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। निश्चित तौर पर अवैध तरीके सप्लाई को रही शराब पर शिकंजा कसा जाएगा। -अजय कुमार साहनीए एसएसपी