गणतंत्र दिवस पर बिकी शराब, हड़कंप
मेरठ। शहर में गणतंत्र दिवस पर प्रतिबंध के बावजूद गुपचुप तरीके से शराब बेचे जाने का मामला सामने आया है। जिला आबकारी अधिकारी ने मामले की रिपोर्ट तैयार कर डीएम को भेज दी है। दुकान संचालक को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जिला आबकारी अधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि 26 जनवरी की दोपहर उन्हें सूचना मिली कि बागपत रोड देवश्री प्लाजा के समीप बनी एक देसी शराब की लाइसेंसी दुकान से शराब की बिक्री की जा रही है। उन्होंने दुकान पर छापा मारा। दुकान बंद थी, लेकिन शटर में बने एक छोटे से झरोखे से शराब बेची जा रही थी। अंदर मौजूद सेल्समैन छत के रास्ते कूदकर फरार हो गया। पुलिस की मौजूदगी में दुकान का ताला तुड़वाकर तलाशी ली गई। शराब खरीदने वाले लोगों से पूछताछ में सामने आया कि यहां 65 रुपये का पव्वा 80 से 90 रुपये में बेचा जा रहा था।
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि यह दुकान मुरादाबाद निवासी पुनीत ओबेराय पुत्र कुलभूषण ओबेराय की है। दुकान स्वामी को नोटिस भेजने के साथ पूरे मामले की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी गई है। चर्चा है कि जिस देसी शराब की दुकान पर आबकारी अधिकारी ने छापा मारा था, वहां से बीयर व अंग्रेजी शराब भी बेची जा रही थी। विभागीय टीम को मौके से कुछ टिन भी मिले हैं। राष्ट्रीय अवकाश पर शराब की बिक्री होना गंभीर मामला है। ऐसे में अगर किसी देशी शराब की दुकान से बियर व अंग्रेजी शराब भी बेची जाती है तो यह अपने आप में और भी गंभीर है। हालांकि, जिला आबकारी अधिकारी ने ऐसी जानकारी से इंकार किया है।