हस्तिनापुर। सोशल मीडिया पर रविवार सुबह तेंदुए के दिखने का एक वीडियो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो को मवाना थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान के पास का बताया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग हरकत में आया और मौके पर पहुंचकर जांच की, लेकिन तेंदुए की मौजूदगी के कोई साक्ष्य नहीं मिले।
वायरल वीडियो में कुछ ग्रामीण रात के समय टॉर्च की रोशनी में एक बड़े तेंदुए जैसे दिखाई देने वाले वन्यजीव को देखते नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों के शोर मचाने पर वह झाड़ियों की ओर चला जाता है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया और इसकी सूचना वन विभाग को दी गई।
वन क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय के निर्देश पर रविवार शाम वन विभाग की टीम बताए गए स्थान पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास रहने वाले लोगों तथा संबंधित शिक्षण संस्थान के कर्मचारियों से भी जानकारी ली। जांच के दौरान मौके पर तेंदुए के पगमार्क, मल, शिकार के अवशेष या अन्य कोई ऐसा साक्ष्य नहीं मिला, जिससे तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि हो सके।