लेखपाल संघ द्वारा एसडीएम को ज्ञापन देते हुए। (मवाना)
- राजस्व निरीक्षकों ने दी समाधान व थाना दिवस के बहिष्कार की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ और राजस्व निरीक्षक संघ की विभिन्न न्यायोचित व वर्षों से लंबित मांगों पर शासन स्तर से कोई सकारात्मक कार्रवाई न होने के कारण कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। इसके विरोध में उप शाखा मवाना के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन को ज्ञापन प्रेषित कर आंदोलन की चेतावनी दी है।
लेखपाल संघ के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो 22 सितंबर से प्रदेशभर के लेखपाल अपने मूल हलके में कार्य करते हुए अतिरिक्त हलके के बस्ते तहसील व राजस्व निरीक्षक कार्यालय में जमा कर अतिरिक्त कार्यों का पूर्ण बहिष्कार करेंगे। साथ ही पंचायत सचिवालय रोस्टर का भी बहिष्कार किया जाएगा। उधर, उत्तर प्रदेश राजस्व निरीक्षक संघ शाखा मेरठ ने भी समय पर वेतन व एरियर भुगतान, गाड़ियों की व्यवस्था, कार्यालय में बेसिक सुविधाओं और धारा 24 के लिए रोवर पर ऑपरेटर की नियुक्ति जैसी मांगों को लेकर उपजिलाधिकारी को मांग पत्र सौंपा।
राजस्व निरीक्षकों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तो तहसील के सभी राजस्व निरीक्षक संपूर्ण समाधान दिवस और थाना दिवस का बहिष्कार करने के लिए बाध्य होंगे। लेखपाल संघ में ज्ञापन देने वालों में तहसील अध्यक्ष अजय कुमार, सचिव हितेष कुमार, सचिन सैनी, विकास कुमार, ज्योति सोम, शिवम निर्वाण, स्वाति व नीरज वहीं राजस्व निरीक्षक संघ में अध्यक्ष प्रवीण त्रिपाठी आदि थे।