हस्तिनापुर। कृषि शिक्षा, अनुसंधान और किसानों तक आधुनिक कृषि तकनीकों को पहुंचने के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए कस्बे के कृषि विज्ञान केंद्र को उत्कृष्ट कृषि विज्ञान केंद्र सम्मान से नवाजा गया है। उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद की ओर से मंगलवार को परिषद के 37वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर सम्मान प्रदान किया गया। इस उपलब्धि से कृषि विज्ञान केंद्र से जुड़े वैज्ञानिकों और कर्मचारियों में उत्साह है।
कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र ने बताया कि यह सम्मान पूरी टीम के लिए गर्व का विषय है। उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद की ओर से जारी सम्मान-पत्र में कृषि विज्ञान केंद्र हस्तिनापुर के योगदान की सराहना की गई है। सम्मान-पत्र के अनुसार, केंद्र ने कृषि शिक्षा, अनुसंधान एवं प्रसार गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ नवीन कृषि तकनीकों के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सम्मान-पत्र पर उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद, लखनऊ के महानिदेशक डॉ. संजय सिंह और परिषद के अध्यक्ष कैप्टन विकास गुप्ता (सेवानिवृत्त) की ओर से प्रदान किया गया है।