- सेमीफाइनल में बीएनजी ने राधा गोविंद पब्लिक स्कूल को सात विकेट से हराया
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी की ओर से आयोजित प्रथम ऑल इंडिया इंटर स्कूल चौधरी नरिंदर सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में बीएनजी और दर्शन एकेडमी ने फाइनल मुकाबले में जगह बना ली है। बीएनजी ने सेमीफाइनल में राधा गोविंद पब्लिक स्कूल को सात विकेट से हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।
पहले सेमीफाइनल में राधा गोविंद पब्लिक स्कूल की टीम 18.1 ओवर में 129 रन बनाकर आउट हो गई। टीम की ओर से उमंग ने 28 और समर्थ ने 26 रन बनाए। गेंदबाजी में टिंकू ने तीन, विकास ने तीन और उमेश ने दो विकेट लिए। इसके जवाब में बीएनजी इंटरनेशनल स्कूल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 15.1 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 130 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। बीएनजी की ओर से विनय ने 75 रन की शानदार पारी खेली। गेंदबाजी में नवाज ने दो और शुभम ने एक विकेट लिया।
दूसरे सेमीफाइनल में दर्शन एकेडमी की टीम ने सभी विकेट खोकर 92 रन बनाए। इसमें अर्णव ने 41 रन बनाए। गेंदबाजी में अभय ने छह विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऋषभ एकेडमी की टीम 90 रन ही बना सकी। गेंदबाजी में हसमत ने तीन विकेट लिए। क्रिकेट कोच अतहर अली ने बताया कि फाइनल बीएनजी और दर्शन एकेडमी के बीच 29 अक्तूबर को सुबह आठ बजे होगा।