कोहरे की चादर से जिदंगी ठिठुर गई है। बढ़ते कोहरे का असर जनजीवन पर भी दिखाई दे रहा है। सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं। दोपहर 12 बजे कोहरा हटने पर दो तीन घंटे के लिए ही धूप निकल रही है। मौसम विभाग ने अभी 48 घंटे तक कोहरे का असर बना रहने की संभावना जताई है। उधर, डीएम बी चंद्रकला ने ठंड और कोहर को देखते हुए पहली से आठवीं तक के सभी बोर्ड के स्कूलों में शु्क्रवार और शनिवार छुट्टी करने के आदेश दिए हैं।
दिसंबर शुरू होते ही हाड़ कंपा देने वाली सर्दी का अहसास शुरू हो गया है। कोहरा बढ़ने से दिन रात के तापमान में भी उतार चढ़ाव आ रहा है। सर्दी का असर रात के बाद अब दिन में भी तेजी से बढ़ रहा है। बुधवार की अपेक्षा बृहस्पतिवार को कोहरा अधिक दिखाई दिया। कोहरे के कारण बच्चों को भी स्कूल पहुंचने में दिक्कत हो रही है। वहीं दिन छिपते ही कोहरा शुरू हो जाता है, यह अगले दिन दोपहर तक रहता है। इसके बाद ही धूप निकलने पर सर्दी से थोड़ी राहत मिल रही है। कोहरे के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे हाईवे पर वाहन रेंगते हुए निकले। विजिबिलटी 10 मीटर के पास पहुंच गई थी। मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। एक दिन पहले के अपेक्षा रात के तापमान में 3 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई, जबकि दिन का तापमान स्थिर रहा। भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष का कहना है कि अभी कोहरे का असर बना रहेगा। 10 दिसंबर से मौसम में थोड़ा बदलाव दिख सकता है।
कोहरे में यह बरतें सावधानी
- वाहन चलाते समय फॉग लाइट का प्रयोग अवश्य करें।
- वाहन को ओवरटेक करने से बचें।
- अपने वाहन की रफ्तार धीमी रखें।
- हाईवे पर सफेद पट्टी को ही देखकर ही गाड़ी चलाएं।
- ज्यादा कोहरा हो तो डीपर जलाकर चलें।
- गाड़ी को कहीं रोकना है तो डीपर जलाकर रखें और सड़क के किनारे खड़ा करें।
सुबह घूमने वालों की संख्या हुई कम
कोहरे के कारण पल्लवपुम, गांधी बांग, सीसीएसयू कैंपस और मॉल रोड, कृषि विवि कैंपस समेत अन्य स्थानों पर घूमने वालों की संख्या काफी कम हो गई है।