सरधना। मेरठ के बीएनजी स्कूल, किला रोड पर आरके मेमोरियल इंटर स्कूल द्वितीय शतरंज प्रतियोगिता हुई। इसमें केके पब्लिक स्कूल सरधना के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। स्कूल ने प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल किया। जिला शतरंज एसोसिएशन के सानिध्य में यह प्रतियोगिता आयोजित की गई।
इसमें सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के 50 स्कूलों के 250 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता अंडर-9, अंडर-12, अंडर-15 और अंडर-19 आयु वर्ग में हुई। बालक और बालिका दोनों वर्गों के लिए स्पर्धाएं रखी गईं। अंडर-19 बालिका वर्ग में जोबिया ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्कूल का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि पर स्कूल में खुशी का माहौल रहा। केके पब्लिक स्कूल के मनन ने अंडर-9 बालक वर्ग में 13वां स्थान पाया। अंडर-15 बालक वर्ग में प्रणव 10वें और इक्षु जैन 11वें स्थान पर रहे। अंडर-19 बालक वर्ग में मनदीप ने नौवां स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में समृद्धि चौथे, आरवी नौवें, आयरा 11वें और जारा 13वें स्थान पर रहीं। स्कूल प्रबंधक सुशील कुमार, सचिव संजीव कुमार और प्रधानाचार्य डॉ. उत्तम सिंह ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।