मेरठ में मेडिकल थाना क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान एक मरीज की किडनी निकालने का आरोप लगा है। मामला मार्च 2020 का है। मुरादाबाद निवासी मरीज का मेरठ के एक निजी अस्पताल में दो डॉक्टरों ने ऑपरेशन किया था। एक महीने बाद टेस्ट कराया तो पता चला कि किडनी निकाली गई है। सीएमओ ने मामले की जांच कराने की बात कही है।
मुरादाबाद निवासी व्यक्ति एक निजी कंपनी में जॉब करता है। 18 मार्च को यह मरीज मेडिकल थाना क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में भर्ती हुआ था। मरीज को डॉक्टर ने बताया था कि किडनी में मांस का एक टुकड़ा बढ़ा हुआ है। जिसे काटकर निकाला जाएगा। मरीज का दो डॉक्टरों ने ऑपरेशन किया।
मरीज का कहना है कि ऑपरेशन के एक महीने बाद टेस्ट कराया। जिसमें पता चला कि उसकी एक किडनी जो सही थी, वह निकाली गई है। मरीज ने जब इस संबंध में निजी अस्पताल के डॉक्टर से बात की तो डॉक्टर ने बिल नहीं दिया और लगातार गुमराह करते रहे।
बाद में ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर ने मरीज से कहा कि किडनी में कैंसर था, जिसके कारण किडनी को निकाला गया। शनिवार को पीड़ित स्वास्थ्य विभाग और पुलिस अधिकारियों के पास पहुंचा। मरीज ने सीएमओ, जिलाधिकारी और एसएसपी से शिकायत करने की बात कही है।
सीएमओ डॉक्टर राजकुमार सिंह का कहना है कि अस्पताल में किडनी किन परिस्थितियों में निकाली गई, इसकी जांच कराई जाएगी। उसके बाद कार्रवाई होगी।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/