1.80 मीटर ऊंची कूद लगाकर इंटर स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप में प्राप्त किया तीसरा स्थान
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। भुवनेश्वर में आयोजित 65वीं इंटर स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मेरठ के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। ख्याति माथुर ने ऊंची कूद स्पर्धा में 1.80 मीटर की ऊंची कूद लगाकर तीसरा स्थान प्राप्त किया और एशियन गेम्स के लिए क्वालिफाई कर लिया। मेरठ की मानसी और रीत राठौर 1.70 मीटर ऊंची कूद लगा सकी और वह क्वालिफाई नहीं कर सकी।
इस साल में 20वें एशियन गेम्स 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान में होने हैं। ऊंची कूद में एशियन गेम्स के लिए क्वालिफाइंग मार्क महिला वर्ग में 1.80 मीटर रखा गया था। ख्याति माथुर ने इंटर स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रविवार को प्रतिभाग करते हुए ऊंची कूद में तीसरा स्थान प्राप्त किया। उन्होंने 1.80 मीटर की कूद लगाई। पहले स्थान पर हरियाणा की पूजा 1.83 मीटर और दूसरे स्थान पर कर्नाटक की सुप्रिया 1.80 मीटर रहीं। मेरठ की मानसी 1.70 मीटर के साथ चौथे और रीत 1.70 मीटर के साथ ही आठवें स्थान पर रहीं। वह एशियन गेम्स के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकीं। ख्याति की उपलब्धि पर जिला एथलेटिक संघ के अध्यक्ष आशुतोष भल्ला, सचिव अनु कुमार, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी जितेंद्र यादव ने ख्याति और कोच गौरव को बधाई दी और एशियन गेम्स के लिए शुभकामनाएं दीं। मेरठ के मोदीपुरम निवासी ख्याति माथुर ने वर्ष 2018 में एथलेटिक्स खेलों में खेलना शुरू किया। उन्होंने ऊंची कूद स्पर्धा को चुना। तभी से वह स्पोर्ट्स स्टेडियम में एथलेटिक्स कोच गौरव त्यागी से प्रशिक्षण ले रही हैं।
ख्याति की उपलब्धि
- सीनियर फेडरेशन बेंगलुरु 2025 में स्वर्ण पदक
एथलेटिक्स सीरीज 2025 में दो बार 1.80 मीटर से अधिक ऊंची कूद लगाई
इंटर स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में स्वर्ण पदक
2023 नेशनल में कांस्य पदक
2022 जूनियर नेशनल में मीट रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक
2020 जूनियर नेशनल में स्वर्ण पदक
जूनियर फेडरेशन कप 2021 में स्वर्ण पदक
उत्तर प्रदेश स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 24 स्वर्ण पदक
नीरू पाठक और जय कुमार ने भी किया क्वालिफाई
मेरठ। शहर की नानक चंद स्पोर्ट्स एकेडमी में प्रशिक्षण ले चुकी नीरू पाठक और जय कुमार ने भी इंटर स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन एशियन गेम्स के लिए क्वालिफाई किया। नीरू पाठक ने 400 मीटर दौड़ में 53.47 सेकंड का समय लिया और चौथा स्थान प्राप्त किया। वह प्रतियोगिता में पदक तो नहीं जीत पाई, लेकिन उन्होंने एशियन गेम्स क्वालिफाइंग मार्क 53.72 सेकंड से कम समय में 400 मीटर दौड़ पूरी करके क्वालिफाई किया। इसके अलावा 4 गुणा 400 मीटर महिला रिले में भी वह एशियन गेम्स में भारतीय दल का हिस्सा रहेंगी। भारतीय टीम ने 4 गुणा 400 मीटर रिले में एशियन गेम्स के लिए क्वालिफाई किया। नीरू पाठक भारतीय दल में शामिल हैं। इससे पहले कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए भी वह चुनी जा चुकी हैं वह भारतीय टीम का हिस्सा होंगी।
नोएडा के मूल निवासी और एनएएस स्पोर्ट्स एकेडमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके जय कुमार ने भी 400 मीटर दौड़ को 45.73 सेकंड का समय लेकर तीसरा स्थान प्राप्त किया और एशियन गेम्स के लिए क्वालिफाई किया। उन्होंने एशियन गेम्स क्वालिफाइंग मार्क 45.97 सेकंड से कम समय में दौड़ पूरी कर क्वालिफाई किया। दोनों खिलाड़ियों ने यहां मेरठ में कई वर्षों तक कोच विशाल सक्सेना और अमीता सक्सेना प्रशिक्षण लिया। अब दोनों ही खिलाड़ी इंडिया कैंप में हैं और मेरठ समेत पूरे देश का नाम रोशन कर रहे हैं। दोनों खिलाड़ी तिरुवनंतपुरम में तैयारी कर रहे हैं।
उपलब्धि नीरू पाठक
दूसरी एशियन रिले चैंपियनशिप में रजत पदक
अंडर 20 एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक
सीनियर साउथ एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक
4 गुणा 400 मीटर मिक्स रिले में स्वर्ण पदक
जूनियर साउथ एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मिक्स रिले में स्वर्ण पदक
ऐथलीट नीरू पाठक और जय कुमार