व्रत रखने से पहले सेहत का रखें ध्यान
ज्योतिषाचार्य मनीष स्वामी ने बताया कि करवा चौथ पर भद्रा को लेकर किसी विशेष बाधा की भ्रांति नहीं होनी चाहिए। उनके अनुसार, धर्म सिंधु और निर्णय सिंधु जैसे ग्रंथों में विवाह के बाद पहली बार करवा चौथ का व्रत रखने पर किसी विशेष बाधा का उल्लेख नहीं है।
उन्होंने गर्भवती और अस्वस्थ महिलाओं को निर्जला व्रत रखने से बचने की सलाह दी। ऐसी महिलाओं को चिकित्सकीय सलाह के अनुसार पानी और जरूरी पोषण लेते रहना चाहिए। स्तनपान कराने वाली माताओं को भी अपनी सेहत और पोषण का ध्यान रखना चाहिए। बीमारी या कमजोरी से जूझ रही महिलाओं को व्रत रखने से पहले चिकित्सक से सलाह लेनी चाहिए।
करवा चौथ पर धार्मिक आस्था के साथ स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी जरूरी है। अपनी शारीरिक स्थिति के अनुसार व्रत रखने और जरूरी सावधानियां बरतने से महिलाएं त्योहार को सुरक्षित तरीके से मना सकती हैं।