महिलाएं करवाचौथ की खरीदारी में लगी हैं। इस बार बनारसी के साथ कांजीवरम साड़ी के साथ लाइट वेट लहंगे भी खासे पसंद किए जा रहे हैं। सदर व्यापारी अमित बंसल ने बताया कि जयपुर, बंगलूरू, बनारस और कोलकाता की स्टोन वर्क के साथ कढ़ाई वाली साड़ियों की खरीदारी की जा रही है।
कांजीवरम की मांग
बाजार में पूरी तरह सिल्क छाया हुआ है। फैशन के साथ लोगाें का टेस्ट भी बदलता रहता है। इस बार बनारसी के साथ कांजीवरम की मांग बढ़ी है। लाइट वेट के साथ हैवी लुक वाली डिजाइनर साड़ी भी पसंद की जा रही हैं। - शलभ, संचालक, कल्याण जी साड़ी।
लगातार बढ़ रही है सेल
बाजार में कपड़ों की बिक्री में तेजी से इजाफा हुआ है। त्योहारों के साथ लोग विवाह आदि मांगलिक आयोजनों के लिए भी खरीदारी कर रहे हैं। नवंबर और दिसंबर विवाह सीजन विवाह के नाम रहेंगे। - अंकुर गोयल, खंदक व्यापारी
करवाचौथ पर जगमगाया मीना बाजार
करवाचौथ से दो दिन पूर्व साड़ी की मेचिंग की आर्टिफिशियल ज्वेलरी और चूड़ियों की खरीदारी की जा रही हैं। सास बहू को और बहू सास को चूड़ियों के साथ शृंगार का सामान देती हैं। ऐसे में सुबह से शाम तक बाजार में रौनक है। सोमवार को देर रात घंटाघर, सदर, लालकुर्ती, शारदा रोड सहित सभी बाजारों में चूड़ी, कंगन की खरीदारी हुई।
कास्मेटिक्स की भी दुकानें सजीं
करवाचौथ के चलते बाजार में शृंगार के सामान जिसमें बिंदी, मेहंदी, सिंदूर, क्रीम, परफ्यूम, बॉडी स्प्रे, नेल पेंट, काजल आदि की सामान की खरीदारी हुई। सदर कास्मेटिक्स व्यापारी अमित ने बताया कि हर विवाहिता अपने जरूरत के अनुसार सामान खरीद रही हैं। मंगलवार को भी देर रात तक बाजार में खरीदारी होगी।
पाजेब के साथ बिकी बिछिया
करवाचौथ पर बिछिया बदलने की परंपरा होती है। ज्यादातर घरों में महिलाएं इस परंपरा को अपनाती हैं। सास अपनी बहू को नई बिछिया देती हैं। इसके साथ बाजार से पाजेब भी खरीदी जा रही हैं। सराफ व्यापारी आकाश मांगलिक ने बताया कि लाइट और हैवी वेट दोनों ही तरह की पाजेब खरीदी जा रही हैं।
संपूर्ण सामान के साथ आई थाली
करवाचौथ पर करवा और थाली का पूजन में प्रयोग किया जाता है। ज्यादातर लोग स्टील की थाली का प्रयोग करते हैं। इस बार बाजार में संपूर्ण पैक के साथ थाली उपलब्ध हैं। इन थालियों को गोटा और कपड़े से सजाया गया है। पूजा का सभी सामान इसमें पैक किया गया है।