कांवड़ यात्रा के चलते लागू होने वाले रूट डायवर्जन के चलते मेरठ से दिल्ली, हरिद्वार, मुजफ्फरनगर जाने वाली रोडवेज बसों का किराया महंगा होगा। यात्रियाें को मेरठ से मुजफ्फरनगर के लिए 32 तो दिल्ली के लिए 70 रुपये वर्तमान किराये से अधिक देने होंगे। मुजफ्फरनगर के लिए 122 और दिल्ली के लिए 198 रुपये देने होंगे।
कांवड़ यात्रा को लेकर यातायात विभाग की ओर से रूट डायवर्जन प्लान बनाया गया है। इसके तहत रोडवेज बसों को भी अन्य जिलों तक जाने के लिए कई किमी लंबा सफर तय करना होगा। मेरठ से दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा, कौशांबी की ओर जाने वाली बसें मेरठ से किठौर-हापुड़-पिलखुवा-लालकुआं होते हुए दिल्ली आईएसबीटी जाएंगी।
मेरठ से दिल्ली का सफर पहले के मुकाबले 45 किमी लंबा हो जाएगा। इसमें किराए की भी वृद्धि होगी। रूट डायवर्जन से पहले दिल्ली का सफर 76 किमी है किराया 128 रुपए है। रूट डायवर्जन के बाद दिल्ली की दूरी 45 किमी बढ़ जाएगी और किराया भी 198 रुपये होगा। यात्री को 70 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।
मेरठ से मुजफ्फरनगर की ओर जाने वाली बसें मवाना-बहसूमा-रामराज-मीरापुर और जानसठ होते हुए मुजफ्फरनगर जाएंगी। हरिद्वार, देहरादून की ओर जाने वाली बसें भी मवाना, बहसूमा, रामराज, गंगा बैराज और बिजनौर-नजीबाबाद होते हुए हरिद्वार व देहरादूर की ओर जाएंगी। मेरठ से हरिद्वार के लिए भी यात्रियों को अतिरिक्त दूरी तय करनी होगी और अतिरिक्त किराया देना होगा।
रात में लगाईं हरिद्वार के लिए बस
संचालन प्रभारी देवेंद्र भारद्वाज ने बताया हरिद्वार के लिए रात में भी बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है। रात 11 बजे से लेकर सुबह 6 बजे तक रात्रि में 20 बसें हरिद्वार के लिए रिजर्व रखी गई हैं।
चार अस्थायी बस अड्डे बनाने की तैयारी
रोडवेज की ओर से मेरठ से बागपत, बड़ौत, शामली, सहारनपुर मार्ग पर बसों के संचालन के लिए चार अस्थाई बस बड्डे बनाएं जाएंगे। बागपत की ओर जाने वाली बसों का संचाल बागपत बाईपास, बड़ौत की ओर जाने वाली बसों का संचालन रोहटा बाईपास और सरधना और शामली की ओर जाने वाली बसों का संचालन कंकरखेड़ा बाईपास से अस्थाई बस अड्डों से किया जाएगा।
रूट डायवर्जन से पहले और बाद में किराये की स्थिति -
बस अड़्डा के नाम वर्तमान दूरी किराया बढ़ी दूरी बढ़ा किराया
मेरठ से दिल्ली आईएसबीटी 76 किमी. 128 रुपये 121 किमी. 198 रुपये
मेरठ से देहरादून 189 किमी. 294 रुपये 212 किमी. 314 रुपये
मेरठ से हरिद्वार 147 किमी. 244 रुपये 173 किमी. 252 रुपये
मेरठ से मुजफ्फरनगर 57 किमी. 90 रुपये 88 किमी. 122 रुपये
मेरठ से गाजि. लालकुआं 52 किमी. 88 रुपये 94 किमी. 145 रुपये
रूट डायवर्जन के हिसाब से किराया सूची तय कर ली गई है। डायवर्जन होते ही बसों का किराया बढ़ाया जाएगा। - जगदीश सिंह, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, मेरठ डिपो