कैराना लोकसभा सीट के उपचुनाव के लिए बुधवार को शामली जिले के पांच बूथों पर पुनर्मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। दो स्थानों पर मामूली विवाद भी हुआ, लेकिन फिर सुचारु रूप से मतदान संपन्न कराया गया। जिले के पांच बूथों में से एक बूथ पर 28 मई को हुए मतदान से कमी रही, जबकि चार बूथों पर बढ़ोतरी हुई है।
28 मई को मतदान के दौरान वीवीपैट में खराबी आने के कारण ही जिला निर्वाचन अधिकारी ने शामली जिले के पांच बूथों पर पुनर्मतदान की संस्तुति कर निर्वाचन आयोग को पत्र भेजा था। मुख्य निर्वाचन अधिकारी की तरफ से अनुमति मिलने पर बुधवार को पांचों बूथों पर पुनर्मतदान कराया गया। सुबह सात बजे से मतदान प्रक्रिया प्रारंभ हुई। शुरुआत में नौ बजे तक 10 से 12 प्रतिशत के बीच मतदान हुआ, लेकिन उसके बाद मतदान में तेजी आई। 11 बजे तक शामली विधानसभा के चार बूथों पर 28.29 प्रतिशत और थानाभवन विधानसभा के एक बूथ पर 21.05 प्रतिशत मतदान हुआ। फिर एक बजे तक शामली के बूथों पर 40.78 प्रतिशत, जबकि थानाभवन के बूथ पर 30 प्रतिशत मतदान हो गया। इसके बाद तीन बजे तक शामली के बूथों पर 50.51 प्रतिशत और थानाभवन के बूथ पर 33.3 प्रतिशत मतदान हुआ। समापन पर शामली के बूथों पर 64.24 प्रतिशत और थानाभवन के बूथ पर 46.6 प्रतिशत मतदान हुआ। इस दौरान थानाभवन के बूथ पर 28 मई को हुए मतदान के मुकाबले आठ वोट कम पड़े, जबकि शामली विधानसभा क्षेत्र के चारों बूथों पर मतदान प्रतिशत 28 मई के मुकाबले बढ़ गया। शामली जनपद के दो विधानसभा और सहारनपुर के दो विधानसभा क्षेत्रों का मिलाकर कुल 58.75 प्रतिशत पुन: मतदान हुआ है।
सरस्वती विद्यामंदिर स्कूल के बूथ पर हुआ विवाद
शामली शहर में सरस्वती विद्या मंदिर जूनियर हाईस्कूल के बूथ संख्या 85 पर मतदान को लेकर विवाद भी हुआ। रालोद नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा के कार्यकर्ता मतदान केंद्र परिसर में घूम रहे हैं तथा मतदाताओं को भ्रमित कर रहे हैं। इसकी शिकायत चुनाव प्रेक्षक से भी की गई, जिसके बाद चुनाव प्रेक्षक भी निरीक्षण करने के लिए मतदान केंद्र पर पहुंच गए।
बूथ संख्या ------- स्थान ------------- कुल मतदाता --- 28 मई का मतदान --- पुन: मतदान
327---- प्राइमरी पाठशाला सोन्टा------------ 1209 ------------- 572---------------- 564
85----सरस्वती विद्या मंदिर जूनियर हाईस्कूल शामली ---882-------343 -----------391
157 -- प्राथमिक स्कूल ब्रह्मखेड़ा --------------- 1060-------------- 165 ------------792
170 ---प्राइमरी पाठशाला लिसाढ़ ----------------- 914--------------399 ------------571
262 ---- प्राथमिक विद्यालय इस्लामपुर घसौली-----1323 ---------- 848 ------------859
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/