जूनियर डॉक्टरों का धरना-प्रदर्शन जारी, ओपीडी का किया बहिष्कार
मेरठ। एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टरों का धरना प्रदर्शन शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। उन्होंने ओपीडी में कार्य नहीं किया। इससे मरीजों को परेशानी हुई। सामान्य दिनों की अपेक्षा चिकित्सकों को दिखाने में मरीजों का नंबर देर से नंबर आया।
मरीजों को परेशानी न हो, इसके लिए मेडिकल प्रबंधन ने 40 जेआर की जगह इतने ही सीनियर रेजिडेंट और इंटर्न चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई थी। प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता ने ओपीडी और इमरजेंसी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों और स्टाफ से कहा कि वे सभी निर्धारित समय तक ओपीडी में मरीजों को परामर्श दें। अगर कोई चिकित्सक अनुपस्थित मिला तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जूनियर रेजिडेंट (डॉक्टर) नीट की काउंसिलिंग न होने से नाराज हैं। जेआर वन की काउंसिलिंग न होने से वे जेआर-दो में प्रोन्नत नहीं हो पा रहे हैं। यह मामला अदालत में चल रहा है। वे प्राचार्य कार्यालय के बाहर पार्क में टेंट लगाकर दो दिन से धरना दे रहे हैं। नारेबाजी कर रहे हैं। जेआर का कहना है कि उनका मकसद मरीजों को परेशान करना नहीं, वे सिर्प अपनी परेशानी बताने के लिए विरोध कर रहे हैं।
---
बुधवार को होगी सुनवाई, विरोध प्रदर्शन रहेगा जारी
रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि जेआर का विरोध प्रदर्शन सभी जिलों में चल रहा है। शनिवार को स्वास्थ्य मंत्रालय के अफसरों से रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों की टेलीफोन पर वार्ता हुई है। एसोसिएशन पदाधिकारियों को बताया है कि अब 6 जनवरी को कोर्ट में होने वाली सुनवाई इसी बुधवार को होगी। तय किया जाएगा कि धरना प्रदर्शन बुधवार तक जारी रहेगा। ओपीडी में कार्य नहीं करेंगे।
---
सुचारु रही चिकित्सा व्यवस्था: प्राचार्य
प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता का कहना है कि चिकित्सा व्यवस्था सुचारु रही, इसे प्रभावित नहीं होने दिया गया। जब तक विरोध प्रदर्शन समाप्त नहीं हो जाता, इसी तरह ड्यूटी लगाकर कार्य कराया जाएगा।