संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। पल्लवपुरम स्थित एकता अपार्टमेंट में चोरों ने घर के मंदिर में रखे लाखों कीमत के गहने चोरी कर लिए। पीड़ित ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। 11 दिन बाद पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।
एकता अपार्टमेंट एफ-1 निवासी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि उनकी जाब प्लेसमेंट कंपनी है। उनकी पत्नी वंदना आर्मी पब्लिक स्कूल में शिक्षिका हैं। सिद्धार्थ ने दर्ज मुकदमे में बताया कि प्रतिदिन की तरह 11 अक्तूबर की सुबह उनकी पत्नी ने स्नान करने से पहले अपने सोने के दो कंगन व सोने की दो अंगूठी को उतारकर घर के मंदिर में रख दिए। नहाने के बाद शिक्षिका ने मंदिर में पूजा की तो देखा कि गहने नहीं थे। चोरी हुए दोनों सोने के कंगन सिद्धार्थ की मां स्वर्गीय उमा देवी की आखिरी निशानी थी, जो उन्होंने अपनी पुत्रवधु वंदना को दिए थे।कारोबारी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पहुंचकर जांच की, लेकिन गहने नहीं मिले। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने 12 अक्टूबर को तहरीर थाने में दी थी, लेकिन पुलिस ने 22 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज किया। हालांकि पुलिस घर की महिला सहायिका पर शक जता रही है, जिसके आधार पर जांच शुरू की है। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल का कहना है कि जांच की जा रही है, जल्द खुलासा किया जाएगा।