फरियादी की सुनते जयंत चौधरी
- फोटो : अमर उजाला
पूर्व सांसद अमीर आलम खान ने कहा कि मैं विधायक और सांसद रालोद के सहयोग से ही बना। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह ने जो व्यवस्था बनाई थी, उसे मजबूत किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा को खत्म करना है और जाट-मुसलिम गठजोड़ की लहर पूरे प्रदेश में पहुंचानी होगी। उसके लिए किसान और मुसलिम को एक रहना होगा। मैं अपने पुराने घर में लौट आया हूं। यह घर पहले की तरह मजबूत रहेगा। उन्होंने कहा कि कुछ गलतियां मुझसे हुई होंगी, कुछ कमियां रही होंगी, लेकिन अब मैं जीवनभर रालोद में ही रहूंगा। अब जाट और मुसलिम जुड़ेगा, तो फिर यादव भी जुड़ेंगे। जल्दी ही अल्पसंख्यकों का सम्मेलन किया जाएगा, जिसमें एक लाख की भीड़ पहुंचेगी।
दंगे का दर्द भी उठा
गढ़ीपुख्ता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 2013 के मुजफ्फरनगर सांप्रदायिक दंगे का दर्द भी उठा। गठवाला खाप के थांबेदार चौधरी श्याम सिंह ने कहा कि उस झगड़े की वजह से दोनों ही समाज के लोगों को भारी नुकसान हुआ, लेकिन अब हम सबको एक साथ रहना है और चौधरी चरण सिंह की विचारधारा को मजबूत करना है।
इन लोगों ने भी रखे विचार
बागपत से आए पूर्व मंत्री नवाब कोकब हमीद के बेटे अहमद हमीद ने कहा कि किसान व मुसलमान एक गाड़ी के दो पहिये हैं, जो अलग-अलग नहीं रह सकते। किसान, दलित और मुसलमानों का हित रालोद में सुरक्षित है। हम सब साथ मिलकर ही भाजपा को हरा सकते हैं। पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल ने कहा कि शामली नगर पालिका के चुनाव में जाट और मुसलमानों ने एकजुट होकर मतदान किया, जिससे हमारी जीत हुई। अब इस गठजोड़ ने शुरुआत कर दी है, जिससे अब प्रदेश की राजनीति की दिशा बदलनी तय है। सभा की अध्यक्षता बाबा सूरजमल और संचालन अमीर आलम खान ने किया। इस दौरान जाट संरक्षण समिति के अध्यक्ष विपिन बालियान, ओमपाल सिंह प्रदेश उपाध्यक्ष किसान प्रकोष्ठ, पूर्व मंत्री धर्मबीर बालियान, राजपाल बालियान, पूर्व मंत्री योगराज सिंह, जिलाध्यक्ष योगेंद्र चेयरमैन, ऋषिराज राझड, पूर्व विधायक बलबीर सिंह, साहब सिंह, सोहनबीर सिंह, मुकेश सैनी, देशराज भनेडा, अभिषेक चौधरी, सरोज मलिक, अनवार चौधरी, वाजिद अली, मुजफ्फरनगर जिलाध्यक्ष अजित राठी, एडवोकेट चंद्रवीर सिंह, अनिल चौहान, विजय गिरि, फैजल प्रधान कच्ची गढी, अलीहसन चेयरमैन गढीपुख्ता, कासिफ प्रधान हसनपुर, सत्तार राणा प्रधान अम्बेहटा, नौशाद अहमद चेयरमैन झिंझाना, मुनव्वर जंग आदि मौजूद रहे।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/