कैराना लोकसभा सीट पर हुए चुनाव में सपा प्रत्याशी इकरा हसन ठाकुर से लेकर दलित वोटरों में भी सेंध लगाने में कामयाब रहीं थी, जो उनकी जीत का आधार भी बनी। यहां दलित बहुल आबादगढ़ के बूथ 166 पर इकरा ने 180 तो प्रदीप ने 223 मत प्राप्त किए। यानी इकरा ठाकुर और दलित वोटरों में भी सेंध लगाने में कामयाब रही।
मुस्लिम बूथों पर भी चला इकरा का ही जादू
कैराना सीट पर मुस्लिम बहुल गढ़ी दौलत के बूथ 258 पर इकरा ने 631 तो प्रदीप ने मात्र 43, 259 बूथ पर इकरा ने 796 तो प्रदीप ने 41, 260 बूथ पर इकरा ने 690 तो प्रदीप ने 91, बूथ 261 पर इकरा ने 846 तो प्रदीप ने मात्र 24 मत प्राप्त किए।
गौरतलब है कि यहां जिन क्षेत्रों में रालोद का खासा प्रभाव माना जाता है। वहां भी इकरा हसन का प्रदर्शन शानदार रहा। मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट की तर्ज पर कैराना में भी सपा प्रत्याशी ने खापों के गांवों में अच्छी खासी सेंध लगाई।
राजनीति से तीन पीढ़ियों का रहा नाता
देश की राजनीति में कैराना का हसन परिवार जिसकी तीन पीढ़ियों के सभी सदस्य देश व प्रदेश के उच्च सदन के सदस्य रहे हैं। यही नहीं हसन परिवार की सबसे छोटी बेटी इकरा हसन पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ीं और 69 हजार 116 वोटों से विजय हासिल कर सांसद बन गईं।
इकरा हसन के वालिद मरहूम चौधरी मुनव्वर हसन का नाम तो राजनीति में एक मुकाम हासिल करने पर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज है। सांसद मुनव्वर हसन ने सबसे कम उम्र में देश के चारों सदनों का सदस्य बनने का गौरव हासिल किया था।
लंदन में पढ़ी इकरा ने पहली बार लड़ा चुनाव और बन गईं सांसद
इकरा हसन (27) पहली बार कैराना लोकसभा सीट पर इंडिया गठबंधन से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ीं और 69 हजार 116 वोटों से विजयी हुईं। इकरा हसन को पांच लाख 28 हजार 13 मत मिले जबकि, भाजपा प्रत्याशी प्रदीप चौधरी को चार लाख 58 हजार 897 वोट मिले।
इकरा हसन की शुरुआती शिक्षा कैराना में हुई थी। उन्होंने 12वीं दिल्ली के क्वींस मेरी स्कूल से की थी। लेडी श्रीराम कॉलेज से ग्रेजुएशन किया। दिल्ली विश्वविद्यालय से एलएलबी की।
इसके बाद इंटरनेशनल लॉ एंड पॉलिटिक्स में पोस्ट ग्रेजुएशन यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन से किया था। लंदन में सीएए का विरोध-प्रदर्शन कर सुर्खियों में आई थीं। वह पढ़ाई पूरी कर 2021 में स्वदेश लौटी थीं।