कोरोना महामारी में ऑक्सीजन की कमी से सैकड़ों लोगों की जान चली गई। ऐसे में मेरठ के साकेत आईटीआई की इंस्टीट्यूट मैनेजमेंट कमेटी ने सकारात्मक कदम आगे बढ़ाए हैं, जिससे भविष्य में जनता को ऑक्सीजन की कमी से जूझना न पड़े। अब आईटीआई के छात्र ऑक्सीजन कन्संट्रेटर तैयार करेंगे।
आईटीआई के इंस्टीट्यूट मैनेजमेंट कमेटी (आईएमसी) के चेयरमैन व कारोबारी विवेक कोहली ने बताया कि ऑक्सीजन कन्संट्रेटर के लिए अमेरिका की एक कंपनी से करार हुआ है। रविवार को राजकीय औद्योगिक शिक्षण संस्थान साकेत में ऑक्सीजन कन्संट्रेटर अमेरिका की निर्माता कम्पनी के अधिकारी माहेर दाउदी निरीक्षण करने पहुंचेे। उन्होंने एक सेमिनार को भी सम्बोधित किया। राजकीय औद्योगिक शिक्षण संस्थान के मैनेजमेंट कमेटी अध्यक्ष विवेक कोहली के प्रयासों से एक बड़ी पहल की गई है।
विवेक कोहली ने कहा पहले फेज में 15 सौ ऑक्सीजन कन्संट्रेटर बनाने का लक्ष्य है। जबकि जून महीने के अंत तक 10 से 20 हजार मशीन तैयार करेंगे। कहा ऑक्सीजन की कमी से हुई मौतों ने दिल झंकझोर दिया है।
इस कदम से लोगों को सस्ते में ऑक्सीजन मिले और भविष्य में ऑक्सीजन की कमी से किसी की मृत्यु न हो। इसी लक्ष्य के साथ ये पहल की जा रही है। स्पोर्ट्स कारोबार की तरह मेरठ के उद्यमियों से ऑक्सीजन कन्संट्रेटर तैयार करने का प्रस्ताव रखेंगे। ताकि 50 हजार से ज्यादा मशीनें जल्द से जल्द तैयार कर सकें।