आईटी पार्क का लोकार्पण 28 को, आईटी कंपनी लगाएगी पहला सेटअप
मेरठ। परिवहन पर रफ्तार देने के बाद अब मेरठ का नाम आईटी पार्क की सूची में भी जुड़ जाएगा। वेदव्यासपुरी में 28 दिसंबर को सुबह 11 बजे केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स, प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखर लोकार्पण करेंगे। पहला सेटअप बीपीओ के बजाय आईटी कंपनी का ही लगाया जा रहा है।
सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क ने प्रक्रिया पूरी कर केंद्रीय सूचना और प्रौद्योगिकी विभाग को अवगत करा दिया गया है। पांच सितंबर 2017 को आईटी पार्क का शिलान्यास किया गया था। इसे पूरा करने का लक्ष्य वर्ष 2018 था लेकिन बीच में किश्त न आने के कारण तीन वर्ष कार्य आगे बढ़ाना पड़ा। मेरठ विकास प्राधिकरण ने भी इस पार्क के लिए ढाई एकड़ जमीन दी। सांसद राजेन्द्र अग्रवाल ने कहा कि आईटी कंपनियां नोएडा-दिल्ली से निकलकर मेरठ आएंगी - राजेंद्र अग्रवाल, सांसद
25 हजार वर्ग फीट में बनाया
आईटी पार्क को लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। करीब 25 हजार वर्ग फीट में निर्माण किया गया। इसमें भूतल पर ऑडिटोरियम और कांफ्रेंस रूम है। वहीं, सात सीटों वाला मीटिंग रूम भूतल, प्रथम और द्वितीय तल पर बनाया गया है।
प्लग एंड प्ले की भी सुविधा
स्टार्ट अप कंपनियों के लिए भी आईटी पार्क में व्यवस्था है। इसके लिए अलग से 133 सीट प्लग एंड प्ले के लिए हैं। इसके लिए भी एसटीपीआई ने आवेदन आमंत्रित किए थे। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि लोकार्पण के समय ही बताया जाएगा कि कितनी कंपनियों ने यहां के लिए आवेदन किया।
ये मिलेगी कंपनियों को सुविधा
107 सीट का ऑडिटोरियम - 3300 रुपये प्रति घंटा
21 सीट का कांफ्रेंस रूम - 700 रुपये प्रति घंटा
सात सीट का मीटिंग रूम - 300 रुपये प्रति घंटा