शास्त्रीनगर में पाइपलाइन फटी, पेयजल संकट से जूझे लोग
मेरठ। शास्त्रीनगर एल और के ब्लॉक के बीच नाले के पास शुक्रवार को पाइपलाइन फट गई। इससे क्षेत्र के लोग शाम तक पेयजल के लिए जूझते रहे। वहीं, सैकड़ों लीटर पानी सड़क पर बहकर बर्बाद हो गया। दोनों ही ब्लॉक के लोगों को सुबह के समय पीने का पानी नहीं मिल पाया। दिनभर लोग पाइपलाइन से पानी का इंतजार करते रहे। देर शाम क्षेत्र की जनता को जलापूर्ति मिल पाई।
बृहस्पतिवार रात शास्त्रीनगर में विद्यामंदिर स्कूल के पास कुछ मजदूर सड़क में बोर करके केबल डाल रहे थे। बताया जा रहा है वह दूरसंचार विभाग के ठेकेदार के मजदूर थे। उनसे भूमि में बोर करते समय पानी की मुख्य पाइपलाइन फट गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना वार्ड पार्षद अनुज को दी। पार्षद ने पहुंचकर जलकल विभाग के अधिकारियों को जानकारी दी। जलकल विभाग ने नलकूप बंद कराया।
सुबह लगभग नौ बजे जलकल के कर्मचारी पाइपलाइन ठीक करने पहुंचे। दिन भर काम करने के बाद शाम को पाइपलाइन ठीक हो सकी, इसके बाद ही जलापूर्ति शुरू हुई। नगर निगम जलकल के जेई पंकज कुमार का कहना है कि ठेकेदार के मजदूरों ने कार्य करते समय इसे तोड़ा है, लेकिन वह मौके पर नहीं मिल पाए।
--
मजदूरों और स्थानीय लोगों में हुई मारपीट
- पार्षद अनुज वशिष्ट ने बताया कि पाइपलाइन रात में ही टूटी। इसे लेकर सुबह के समय मजदूरों और स्थानीय लोगों में मारपीट हो गई। इनमें से दो घायल जगदंबा नर्सिंग होम में भर्ती रहे।
--